Bharat Tex 2026: KVIC चेयरमैन मनोज गोयल ने किया ‘खादी इंडिया पवेलियन’ का उद्घाटन
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (15 July 2026): खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) के अध्यक्ष मनोज गोयल ने भारत मंडपम में आयोजित देश के सबसे बड़े वैश्विक वस्त्र आयोजन भारत टेक्स 2026 में ‘खादी इंडिया पवेलियन’ का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने पवेलियन का निरीक्षण कर विभिन्न राज्यों से आए प्रदर्शकों, कारीगरों और खादी संस्थानों के प्रतिनिधियों से संवाद किया तथा उनके नवाचारों और उत्पादों की सराहना की।
KVIC द्वारा स्थापित इस विशेष पवेलियन में देशभर के खादी संस्थानों की ओर से तैयार किए गए खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों, डिजाइन-आधारित नवाचारों और विशेष संग्रह को प्रदर्शित किया गया है। इस अवसर पर KVIC तथा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर खादी (CoEK) के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

मनोज गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में महात्मा गांधी की विरासत रही खादी अब केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आत्मनिर्भरता, सतत विकास और करोड़ों ग्रामीण कारीगरों के सशक्तिकरण का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि खादी आज ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘लोकल टू ग्लोबल’ और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने का सशक्त माध्यम बन गई है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने खादी से बने होम लिनेन, होम डेकोर उत्पाद, आधुनिक परिधान, नवाचार आधारित उत्पादों तथा पारंपरिक खादी उपकरणों का अवलोकन किया। विशेष रूप से उन्होंने पश्चिम बंगाल की घोरानाश सिल्क खादी ग्रामोद्योग समिति द्वारा प्रदर्शित ‘मुला जामदानी’ साड़ी और परिधान संग्रह की सराहना की। उन्होंने कहा कि पारंपरिक जामदानी बुनाई को आधुनिक डिजाइन के साथ जोड़ने का यह प्रयास भारतीय खादी और हस्तशिल्प को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
KVIC अध्यक्ष ने कहा कि ‘खादी इंडिया पवेलियन’ यह दर्शाता है कि अनुसंधान, डिजाइन और नवाचार के माध्यम से ‘नए भारत की नई खादी’ तैयार की जा रही है, जो नई पीढ़ी की पसंद और वैश्विक बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि आज खादी केवल परिधानों तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक जीवनशैली और वैश्विक फैशन उद्योग में भी अपनी मजबूत पहचान बना चुकी है।

‘खादी रीइमैजिन्ड: ट्रेडिशन फॉर कंटेम्परेरी लिविंग’ थीम पर आधारित इस पवेलियन में समकालीन होम डेकोर उत्पाद, स्वदेशी रेशों पर आधारित नवाचार, पारंपरिक खादी उपकरणों का प्रदर्शन तथा युवाओं के लिए तैयार विशेष खादी संग्रह ‘नए भारत की नई खादी – Khadi for Nation, Khadi for Fashion, Khadi for Transformation’ आकर्षण का केंद्र हैं।
मनोज गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और दूरदर्शी सोच के परिणामस्वरूप खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र ने अभूतपूर्व प्रगति की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस क्षेत्र का कारोबार 1.87 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा, जबकि इससे 2.04 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिला। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह कारोबार 2.51 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।
गौरतलब है कि भारत टेक्स 2026 का आयोजन 14 से 17 जुलाई 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में किया जा रहा है। इस वैश्विक आयोजन में भारत और विदेशों से हजारों खरीदार, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, डिजाइनर, उद्यमी और नीति-निर्माता भाग ले रहे हैं। KVIC का ‘खादी इंडिया पवेलियन’ वैश्विक मंच पर भारत की खादी विरासत, नवाचार, डिजाइन उत्कृष्टता और सतत विकास की प्रतिबद्धता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।