दिल्ली में वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन की तारीख बढ़ी, अब 8 अगस्त तक जाएंगे BLO
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (15 July 2026): दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम के तहत चुनाव आयोग ने संशोधित शेड्यूल जारी किया है। आयोग ने 1 जुलाई 2026 को क्वालीफाइंग डेट मानते हुए मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया में बदलाव किया है। नए कार्यक्रम के अनुसार अब बूथ लेवल अधिकारी (BLO) 29 जुलाई के बजाय 8 अगस्त 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
चुनाव आयोग के मुताबिक, घर-घर सत्यापन अभियान पूरा होने के बाद 8 अगस्त को मतदान केंद्रों के पुनर्निधारण (Rationalisation) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस पूरे अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना और पात्र मतदाताओं का सही विवरण दर्ज करना है, ताकि आगामी चुनावों में अधिक पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित की जा सके।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन 17 अगस्त 2026 को किया जाएगा। इसके साथ ही नागरिकों को अपने नाम जोड़ने, हटाने या किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। यह प्रक्रिया 17 अगस्त से 16 सितंबर 2026 तक चलेगी, जबकि प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण के लिए नोटिस संबंधी कार्रवाई 17 अगस्त से 15 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगी।
चुनाव आयोग ने बताया कि सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण पूरा होने के बाद 19 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। आयोग ने संबंधित अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं और सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी इस बदलाव की लिखित सूचना देने को कहा गया है।
भारत निर्वाचन आयोग के अंडर सेक्रेटरी संदीप कुमार की ओर से जारी निर्देश में दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार को पूरे कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग ने दिल्ली के मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने नाम, पते या अन्य विवरण में आवश्यक सुधार कराकर मतदाता सूची को सही और अद्यतन बनाने में सहयोग करें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।