सोनम वांगचुक के अनशन पर दिल्ली हाई कोर्ट सख्त, केंद्र और दिल्ली सरकार से गुरुवार सुबह तक मांगा जवाब
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (15 July 2026): सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के लगातार 18 दिनों से चल रहे अनशन को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट ने मामले को अत्यंत गंभीर और तत्काल सुनवाई योग्य मानते हुए केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किया है। मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस करिया की खंडपीठ ने जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए दोनों सरकारों से गुरुवार सुबह तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। अदालत ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसमें तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है।
याचिका अधिवक्ता राकेश कुमार सैनी की ओर से दायर की गई है। उन्होंने अदालत से आग्रह किया कि सोनम वांगचुक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया जाए, उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनका अनशन समाप्त कराने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से कोई पक्ष उपस्थित नहीं हुआ है, इसलिए मामले को अगले ही दिन सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया है ताकि संबंधित पक्षों का जवाब प्राप्त किया जा सके।
सुनवाई के दौरान अदालत ने आदेश की प्रति अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल और दिल्ली सरकार के वकील को उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया। बताया गया कि हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के बहिष्कार के कारण केंद्र और दिल्ली सरकार की ओर से कोई अधिवक्ता अदालत में उपस्थित नहीं हो सका। इसके बावजूद अदालत ने मामले को प्राथमिकता देते हुए इसे अर्जेंट श्रेणी में रखते हुए शीघ्र सुनवाई का फैसला किया।
गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी 20 जून से नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है। इसी मंच पर सोनम वांगचुक ने 28 जून से आमरण अनशन शुरू किया था। बताया जा रहा है कि अनशन के दौरान उनका वजन लगभग आठ किलोग्राम कम हो चुका है और स्वास्थ्य लगातार बिगड़ रहा है। चिकित्सकीय स्थिति को लेकर बढ़ती चिंता के बीच अब सभी की निगाहें हाई कोर्ट की अगली सुनवाई और सरकारों के जवाब पर टिकी हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।