AAP को झटका: निगम पार्षद विकास टांक भाजपा में शामिल, हर्ष मल्होत्रा ने दिलाई सदस्यता

टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली | 15 जुलाई 2026

दिल्ली की राजनीति में आम आदमी पार्टी (AAP) को उस समय बड़ा झटका लगा, जब नगर निगम पार्षद एवं सिटी एस.पी. जोन के चेयरमैन तथा वाल्मीकि समाज के युवा नेता विकास टांक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और चांदनी चौक से भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल की मौजूदगी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुरानी दिल्ली से तीन बार के पार्षद रहे विकास टांक वाल्मीकि समाज और अपने क्षेत्र में एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि हैं।

हर्ष मल्होत्रा ने पार्टी का पटका पहनाकर, मिस्ड कॉल के माध्यम से सदस्यता दिलाकर और मिठाई खिलाकर विकास टांक का भाजपा परिवार में स्वागत किया।

इस अवसर पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर विकास टांक ने पार्टी की सदस्यता ली है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद नगर निगम और दिल्ली सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार नगर निगम को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कम्पैक्टर लगाए जा रहे हैं, पार्कों की सफाई, गलियों और सड़कों के रखरखाव सहित विभिन्न विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं।

हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि जब आम आदमी पार्टी के पास दिल्ली सरकार और नगर निगम दोनों की जिम्मेदारी थी, तब विकास कार्य ठप रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति में विश्वास करती है और इसी कारण संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।

भाजपा में शामिल होने के बाद विकास टांक ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने नगर निगम चुनाव से पहले कई वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कूड़े के पहाड़ खत्म करने का वादा अधूरा रहा और नगर निगम सदन भी सुचारु रूप से नहीं चल पाया।

उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी के पार्षदों पर काम नहीं करने का दबाव बनाया जाता था, जिसके कारण कई पार्षद पार्टी छोड़ चुके हैं। विकास टांक ने कहा कि भाजपा में शामिल होकर उन्हें खुशी है, क्योंकि यह विकास की राजनीति करने वाली पार्टी है, जो “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” के सिद्धांत पर सभी वर्गों को समान सम्मान देने का कार्य करती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।