PW का बड़ा दांव: टॉप रैंक दिलाने वाले छात्रों की पहचान पर शिक्षकों को मिलेगा ₹15 लाख तक का बोनस

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (13/07/2026): देश की प्रमुख एडटेक कंपनी Physics Wallah (PW) ने नए शिक्षकों के लिए एक आकर्षक प्रोत्साहन (इंसेंटिव) योजना शुरू की है। इस योजना के तहत यदि कोई शिक्षक किसी प्रतिभाशाली छात्र की पहचान कर उसे पीडब्ल्यू से जोड़ता है और वह छात्र भविष्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा में शीर्ष रैंक हासिल करता है, तो संबंधित शिक्षक को प्रदर्शन के आधार पर ₹2 लाख से ₹15 लाख तक का बोनस दिया जाएगा।

कंपनी के अनुसार यह प्रोत्साहन राशि केवल छात्र के संस्थान में प्रवेश लेने पर नहीं, बल्कि उसके वास्तविक परीक्षा परिणाम और प्राप्त रैंक के आधार पर प्रदान की जाएगी। यानी शिक्षक को बोनस तभी मिलेगा, जब छात्र निर्धारित रैंक हासिल करेगा।

कोचिंग उद्योग में मेधावी छात्रों की पहचान कर उन्हें संस्थान से जोड़ने की प्रक्रिया नई नहीं है। अधिकांश बड़े कोचिंग संस्थानों के पास इसके लिए विशेष टैलेंट हंट टीमें होती हैं, जो स्कूलों, ओलंपियाड प्रतियोगिताओं और अन्य शैक्षणिक मंचों के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की तलाश करती हैं। इनका उद्देश्य ऐसे छात्रों को संस्थान से जोड़ना होता है, जो भविष्य में उत्कृष्ट परिणाम देकर संस्थान की प्रतिष्ठा को और मजबूत करें।

पीडब्ल्यू की इस नई पहल की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि कंपनी ने पहली बार इस तरह की प्रोत्साहन योजना को केवल टैलेंट हंट टीम तक सीमित न रखकर नए शिक्षकों के लिए भी उपलब्ध कराया है। हालांकि, यह योजना पूरी तरह स्वैच्छिक है और किसी भी शिक्षक के लिए इसमें भाग लेना अनिवार्य नहीं है।

कंपनी ने बोनस की राशि छात्रों की प्राप्त रैंक के अनुसार निर्धारित की है। ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल करने वाले छात्र की पहचान कराने वाले शिक्षक को ₹15 लाख, AIR 2 और 3 पर ₹12 लाख, AIR 4 से 10 तक ₹9 लाख, AIR 11 से 100 तक ₹7.5 लाख, AIR 101 से 500 तक ₹4 लाख और AIR 501 से 1000 तक रैंक प्राप्त करने वाले छात्र की पहचान कराने पर ₹2 लाख का बोनस दिया जाएगा।

इस बीच, पीडब्ल्यू का ऑफलाइन नेटवर्क भी तेजी से विस्तार कर रहा है। कंपनी के कोचिंग सेंटरों की संख्या लगभग 198 से बढ़कर 350 तक पहुंच चुकी है। वहीं, ऑफलाइन छात्रों की संख्या में भी लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में मजबूत उपस्थिति के बाद अब कंपनी ऑफलाइन सेगमेंट में भी अपनी पकड़ और मजबूत करने की रणनीति पर तेजी से काम कर रही है।

डिस्क्लेमर: यह लेख / न्यूज आर्टिकल सार्वजनिक डोमेन में उपलब्ध जानकारी और प्रतिष्ठित / विश्वस्त मीडिया स्रोतों से मिली जानकारी पर आधारित है।यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। पाठक कृपया स्वयं इस की जांच कर सूचनाओं का उपयोग करे ॥


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।