UPSC अभ्यर्थी से लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (12 July 2026): उत्तर दिल्ली के तिमारपुर इलाके में यूपीएससी की तैयारी कर रहे एक छात्र से मोबाइल लूटने के मामले में दिल्ली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ लूट, स्नैचिंग और वाहन चोरी से जुड़े कुल चार मामलों का खुलासा हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शालीमार बाग के हिस्ट्रीशीटर राजेंद्र उर्फ कल्लू (28) और उपेंद्र शाह (25) के रूप में हुई है। दोनों फिलहाल मुकुंदपुर में किराए पर रहते थे और मूल रूप से नेपाल के निवासी हैं।

पुलिस के मुताबिक, घटना 6 जुलाई की सुबह करीब पांच बजे की है। यूपीएससी अभ्यर्थी अंकित सिंह कुशवाहा लाइब्रेरी से पढ़ाई कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तिमारपुर स्थित सीएनजी पार्क के पास दोनों आरोपियों ने उन्हें रोक लिया, गला दबाकर मारपीट की और उनका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर तिमारपुर थाने में मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के करीब 110 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया। एक कैमरे में दोनों के स्पष्ट चेहरे दिखाई देने के बाद तस्वीरें स्थानीय मुखबिरों को उपलब्ध कराई गईं। इसके बाद मुकुंदपुर क्षेत्र में करीब 150 मकानों की तलाशी ली गई और 10 जुलाई को दोनों आरोपियों को उनके किराए के ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने 5 और 6 जुलाई की रात आदर्श नगर इलाके से एक स्कूटर चोरी किया था और उसी स्कूटर का इस्तेमाल तिमारपुर में लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और चोरी किया गया स्कूटर बरामद कर लिया। जांच में यह भी पुष्टि हुई कि बरामद स्कूटर आदर्श नगर थाने में दर्ज वाहन चोरी के मामले से संबंधित था।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर तिमारपुर थाने में दर्ज दो अन्य स्नैचिंग के मामलों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राजेंद्र उर्फ कल्लू पहले से लूट, स्नैचिंग और चोरी के 14 मामलों में शामिल रहा है, जबकि उपेंद्र शाह के खिलाफ भी इसी तरह के दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य आपराधिक नेटवर्क और वारदातों की भी जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।