‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 77 हजार से अधिक पौधों का रोपण
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (12/07/2026): उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी वृक्षारोपण अभियान-2026 के अंतर्गत शनिवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में बड़े स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम “एक पेड़ माँ के नाम” रखी गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके तहत यमुना प्राधिकरण ने भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उद्यान विभाग ने प्राधिकरण क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण अभियान चलाया। कार्यक्रम के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया तथा राजेश कुमार ने सेक्टर-22ई स्थित 50 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट में पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर महाप्रबंधक (परियोजना) राजेन्द्र सिंह भाटी, डॉ. आरती सिंह, सहायक निदेशक (उद्यान) सहित प्राधिकरण के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश देते हुए पौधारोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान की विशेष बात यह रही कि रोनीजा गांव के स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। बच्चों ने वृक्षों के महत्व पर अपने विचार भी साझा किए। इस दौरान प्रत्येक छात्र को एक-एक पौधा वितरित किया गया तथा उन्हें पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और पर्यावरण संतुलन में वृक्षों की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बच्चों को केवल पौधे लगाने ही नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखकर बड़ा करने के लिए भी प्रेरित किया।

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में आयोजित इस अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर करीब 77,007 पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण में मुख्य रूप से नीम, पीपल, बरगद, अर्जुन और पिलखन जैसी देशी एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी प्रजातियों को प्राथमिकता दी गई, ताकि क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने के साथ-साथ जैव विविधता को भी सुदृढ़ किया जा सके।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन के माध्यम से पर्यावरण को सुरक्षित एवं संतुलित बनाना है। इसके लिए जनसहभागिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ लोगों को पौधों की देखभाल के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।