फर्जी लोन कॉल सेंटर का भंडाफोड़, कम ब्याज पर लोन का झांसा देकर करोड़ों की साइबर ठगी

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (11/09/2026): गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन साइबर वज्र’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए सेक्टर-2 स्थित एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। थाना फेस-1 पुलिस ने कम ब्याज दर पर लोन दिलाने का झांसा देकर लोगों से प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह अब तक कई लोगों को अपना शिकार बनाकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी कर चुका है।

पुलिस ने बताया कि लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से डी-80, सेक्टर-2 स्थित एक इमारत की पहली मंजिल पर संचालित इस अवैध कॉल सेंटर पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 33 वर्षीय पवन कुमार, 24 वर्षीय मोहित, 23 वर्षीय हर्ष शर्मा, 27 वर्षीय स्वाती और 35 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई है। सभी आरोपी नोएडा में अलग-अलग स्थानों पर रहकर इस फर्जी कॉल सेंटर का संचालन कर रहे थे।पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लोन की तलाश कर रहे लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें बेहद कम ब्याज दर पर आसानी से लोन उपलब्ध कराने का लालच देते थे। भरोसा जीतने के बाद पीड़ितों से प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ऑनलाइन भुगतान कराया जाता था।

इसके बाद आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाते की जानकारी और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारियां भी हासिल कर ली जाती थीं। पैसे और दस्तावेज मिलने के बाद न तो लोन स्वीकृत कराया जाता था और न ही जमा की गई प्रोसेसिंग फीस वापस की जाती थी। इस तरह आरोपी सुनियोजित तरीके से साइबर धोखाधड़ी को अंजाम देते थे।

पुलिस के अनुसार, थाना फेस-1 क्षेत्र में ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत साइबर अपराध से जुड़े संदिग्ध बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया जा रहा था। जांच के दौरान करीब 159 संदिग्ध बैंक खातों की पहचान की गई, जिनमें से 19 स्थानों को रेड जोन के रूप में चिन्हित किया गया। लगभग 2,500 मोबाइल नंबरों की जांच और एनसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) पर दर्ज शिकायतों के विश्लेषण के दौरान इस फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा हुआ।

पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में एनसीआरपी पोर्टल पर 10 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं। पुलिस अब इनके बैंक खातों, लेन-देन और अन्य राज्यों में फैले नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे 5 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 6 चेकबुक, 1 पासबुक, 160 कॉलिंग डेटा शीट, 11 स्क्रिप्ट बुक, 1 बिलिंग बुक और 1 इंटरनेट राउटर बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, स्क्रिप्ट बुक में ग्राहकों को झांसे में लेने के लिए तैयार की गई बातचीत का पूरा प्रारूप मौजूद था, जबकि कॉलिंग डेटा शीट में संभावित पीड़ितों की जानकारी दर्ज थी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।