दिल्ली में आयकर विभाग के नाम पर फर्जी भर्ती रैकेट का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (09 July 2026): राजधानी दिल्ली में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर चल रहे एक बड़े फर्जी भर्ती रैकेट का मध्य जिला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। हौज काजी थाना पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें आयकर विभाग का एक पूर्व एमटीएस कर्मचारी भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को आयकर विभाग का कर्मचारी बताकर बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी का झांसा देते थे और उनसे लाखों रुपये वसूलते थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह अब तक छह से सात लोगों से करीब 10 लाख रुपये की ठगी कर चुका है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब अजमेरी गेट निवासी एक युवक ने 18 मई को हौज काजी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि नवीन प्रकाश, दीपक तिवारी और रोहित चौहान ने उसे आयकर विभाग में मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपियों ने खुद को विभाग से जुड़ा बताते हुए उसका विश्वास जीता और नौकरी की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर नकद और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से रकम वसूली।

पुलिस जांच में पता चला कि दिसंबर 2025 में आरोपियों ने पीड़ित से पहले 5,000 रुपये नकद लिए, जबकि बाकी राशि एक बैंक खाते में ट्रांसफर करवाई। पीड़ित ने अपने भविष्य निधि (पीएफ) की जमा पूंजी से कुल 2,03,500 रुपये आरोपियों को दे दिए। भरोसा बनाए रखने के लिए गिरोह ने फर्जी वेरिफिकेशन फॉर्म और अन्य नकली दस्तावेज भी उपलब्ध कराए, लेकिन मार्च 2026 के बाद सभी आरोपी संपर्क से गायब हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह के निर्देश पर इंस्पेक्टर संदीप कालखांडे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और बैंक खातों की जांच के आधार पर पुलिस ने 3 जुलाई को रोहिणी से रोहित चौहान उर्फ दीपक तिवारी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चिराग अग्रवाल उर्फ नवीन प्रकाश और तरुण गोस्वामी उर्फ गिरिराज को भी दबोच लिया गया। वहीं एक अन्य आरोपी पवन दत्त शर्मा को पूछताछ के लिए बाउंड डाउन किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी वेरिफिकेशन फॉर्म, पीड़ितों के दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने कई अन्य बेरोजगार युवाओं को भी सरकारी नौकरी का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया है और आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।