सेंट जोसेफ स्कूल में अभिभावक जागरूकता संगोष्ठी, मनोवैज्ञानिक ने दिए प्रभावी सुझाव
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (08/07/2026): सेक्टर अल्फा-1 स्थित सेंट जोसेफ विद्यालय में अभिभावकों को बच्चों के समग्र विकास, मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक पारिवारिक वातावरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चार दिवसीय विचारगोष्ठी का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा 4, 6, 7 और 8 जुलाई 2026 को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय कॉर्पोरेट प्रशिक्षक एवं मनोवैज्ञानिक डेनी जोसेफ ने मुख्य वक्ता के रूप में अभिभावकों को संबोधित किया।
कार्यक्रम के दौरान डेनी जोसेफ ने अभिभावकों से संवाद करते हुए आधुनिक समय में बच्चों के सामने आने वाली चुनौतियों, मानसिक दबाव, पारिवारिक संवाद की कमी और डिजिटल युग के प्रभाव जैसे विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताना आज हर माता-पिता की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। यदि परिवार में बच्चों को पर्याप्त समय, स्नेह और मार्गदर्शन मिलता है तो वे बाहरी स्रोतों से गलत जानकारी या भटकाव की ओर आकर्षित नहीं होते।
उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि वे अपने बच्चों की प्रत्येक बात को गंभीरता से सुनें और ऐसा विश्वास का वातावरण तैयार करें, जिससे बच्चा अपनी हर समस्या बिना किसी झिझक के अपने माता-पिता के साथ साझा कर सके। उन्होंने कहा कि आज के समय में सलाह देने वाले अनेक लोग मिल जाते हैं, लेकिन सही और गलत सलाह की पहचान करना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए बच्चों को उचित दिशा देने की जिम्मेदारी सबसे पहले परिवार की होती है।

डेनी जोसेफ ने इस बात पर भी विशेष जोर दिया कि बच्चों की तुलना किसी अन्य बच्चे से नहीं करनी चाहिए। यदि किसी कारणवश तुलना करनी भी पड़े तो उसे आलोचना या अपमान का माध्यम नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की उपलब्धियों का श्रेय उनके परिश्रम को दिया जाना चाहिए और उन्हें आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक प्रेरणा एवं रचनात्मक मार्गदर्शन देना चाहिए।
उन्होंने अभिभावकों को यह भी संदेश दिया कि बेटा और बेटी के बीच किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। साथ ही उन्होंने आगाह किया कि माता-पिता को बच्चों के सामने आपसी विवाद या झगड़े से बचना चाहिए, क्योंकि इसका उनके मानसिक और भावनात्मक विकास पर गहरा नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि परिवार में समय-समय पर सफल व्यक्तियों और प्रेरणादायक उपलब्धियों पर चर्चा होनी चाहिए। इससे बच्चों में भी जीवन में कुछ बेहतर करने की प्रेरणा और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि एक समृद्ध, संस्कारित और सक्षम नई पीढ़ी के निर्माण के लिए परिवार, विद्यालय और समाज को मिलकर कार्य करना होगा।
चार दिनों तक चले इस आयोजन में सैकड़ों अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खराब मौसम और कार्यदिवस होने के बावजूद विद्यालय का सभागार अभिभावकों से खचाखच भरा रहा, जो इस विषय के प्रति उनकी गंभीरता और रुचि को दर्शाता है। विद्यालय प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों के स्वागत एवं जलपान की समुचित व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर जिप्सन पलाटी ने मुख्य वक्ता डेनी जोसेफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवादात्मक कार्यक्रम अभिभावकों और विद्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस विचारगोष्ठी से प्राप्त सुझाव अभिभावकों को अपने बच्चों के पालन-पोषण और व्यक्तित्व विकास में निश्चित रूप से लाभ पहुंचाएंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।