सोशल मीडिया पर लाइक करने का टास्क बना ठगी का जाल, युवक से 30 लाख की ठगी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (08/07/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले एक युवक से घर बैठे ऑनलाइन कमाई का लालच देकर करीब 30 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने पहले व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया और फिर टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर आसान ऑनलाइन टास्क पूरे कराए। शुरुआती भुगतान कर विश्वास जीतने के बाद आरोपियों ने निवेश पर अधिक मुनाफे का झांसा देकर लाखों रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
पीड़ित 39 वर्षीय मनीष कुमार हंस ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मार्च 2025 में उन्हें व्हाट्सएप पर पार्ट-टाइम ऑनलाइन कमाई का संदेश मिला था। इसके बाद उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया, जहां यूट्यूब वीडियो लाइक करना, रेटिंग देना और अन्य छोटे डिजिटल कार्य करने पर कुछ रुपये दिए गए। शुरुआत में भुगतान मिलने से उन्हें इस प्रक्रिया पर भरोसा हो गया।
कुछ समय बाद ठगों ने अधिक कमाई का लालच देते हुए निवेश और रिचार्ज के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में कई किश्तों में कुल 29.93 लाख रुपये जमा करा लिए। जब पीड़ित ने अपनी रकम और मुनाफा वापस लेने की कोशिश की तो उनसे और पैसे जमा करने की मांग की गई। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।
पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के बाद साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक खातों और यूपीआई लेनदेन की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ठगी के लिए किराए पर लिए गए बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है, जिनमें कुछ श्रमिकों और बेरोजगार युवाओं के खातों के उपयोग की भी आशंका है।
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर बैठे कमाई, आसान निवेश या ज्यादा मुनाफे का दावा करने वाले ऑनलाइन ऑफरों से सतर्क रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति या टेलीग्राम ग्रुप के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें। यदि इस तरह की कोई संदिग्ध गतिविधि सामने आए तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।