केजरीवाल ने 29 ऑटो कंपनियों को भेजीं चिट्ठियां, पूछा– नुकसान हुआ तो कौन देगा हर्जाना?
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (08 जुलाई, 2026): आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की E20 पेट्रोल नीति को लेकर बड़ा सवाल उठाते हुए देश की 29 ऑटोमोबाइल कंपनियों को पत्र लिखने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि कंपनियां स्पष्ट करें कि क्या उनकी पुरानी गाड़ियां E20 ईंधन के इस्तेमाल के लिए पूरी तरह सुरक्षित हैं और यदि इससे किसी वाहन को नुकसान होता है तो क्या कंपनियां उपभोक्ताओं को हर्जाना देंगी।
केजरीवाल ने बताया कि उन्होंने तीन प्रमुख कंपनियों—मारुति, टोयोटा और हीरो—को अलग पत्र लिखा है। उनका आरोप है कि इन कंपनियों ने 4 जुलाई को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि पुरानी गाड़ियों में E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से कोई समस्या नहीं होगी, जबकि उनके ओनर मैनुअल में 2023 से पहले की कई गाड़ियों के लिए 10% से अधिक एथेनॉल मिश्रण वाले ईंधन की सिफारिश नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि कंपनियां एक सप्ताह के भीतर स्पष्ट जवाब दें कि क्या पुरानी गाड़ियों में E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से इंजन, माइलेज या अन्य पुर्जों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। साथ ही यदि किसी वाहन को नुकसान होता है तो क्या उसकी भरपाई की जिम्मेदारी कंपनियां लेंगी।
AAP प्रमुख ने बताया कि शेष 26 ऑटो कंपनियों को भी सामान्य पत्र भेजा गया है, जिसमें उनसे E20 ईंधन को लेकर अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट करने, पुराने मॉडलों की अनुकूलता, माइलेज पर प्रभाव और संभावित तकनीकी नुकसान के बारे में जानकारी देने को कहा गया है।
केजरीवाल ने घोषणा की कि वह बुधवार को पेट्रोल पंपों, सर्विस सेंटरों और वाहन मिस्त्रियों से भी बातचीत करेंगे ताकि यह जाना जा सके कि E20 पेट्रोल को लेकर आम लोगों और तकनीकी विशेषज्ञों का वास्तविक अनुभव क्या है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार दावा कर रही है कि E20 से कोई नुकसान नहीं होगा, लेकिन जनता की राय भी सामने आनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आलोचना करने वालों की बात सुनने के बजाय उन्हें “एंटी नेशनल” तक कह रही है। केजरीवाल ने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की चिंताओं को इस तरह खारिज करना उचित नहीं है। उनका कहना था कि सरकार का यह फैसला विज्ञान, इंजीनियरिंग और जनहित के अनुरूप नहीं है तथा इस मुद्दे पर पारदर्शिता और जवाबदेही आवश्यक है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।