लाल किला कार बम धमाका केस में बड़ा अपडेट: NIA ने कोर्ट में दाखिल की फॉरेंसिक रिपोर्ट में क्या है खास?

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (06 जुलाई 2026): दिल्ली के बहुचर्चित लाल किला (Red Fort) कार बम धमाका (Car Bomb Blast) मामले में पटियाला हाउस कोर्ट (Patiala House Court) ने सभी 13 आरोपियों की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) 13 जुलाई तक बढ़ा दी है। मामले की सुनवाई के दौरान राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अदालत में फॉरेंसिक रिपोर्ट (Forensic Report) भी दाखिल की। अब इस मामले की अगली सुनवाई 13 जुलाई को होगी।

सुनवाई के दौरान न्यायिक हिरासत समाप्त होने पर सभी 13 आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। इसके बाद कोर्ट ने उनकी हिरासत बढ़ाने का आदेश दिया। एनआईए द्वारा दाखिल फॉरेंसिक रिपोर्ट में धमाके में जान गंवाने वाले लोगों के शरीर के अंगों से जुड़े वैज्ञानिक परीक्षण (Scientific Examination) शामिल हैं। इससे पहले जांच एजेंसी डॉक्टर शाहीन सईद समेत 13 आरोपियों के खिलाफ पूरक चार्जशीट (Supplementary Chargesheet) दाखिल कर चुकी है। चार्जशीट में जमीर अहमद अहंगर, तुफैल अहमद भट्ट और फरार मुजफ्फर अहमद उर्फ जफर को आरोपी बनाया गया है। वहीं, विस्फोटकों से भरी कार चला रहे मुख्य आरोपी डॉक्टर उमर उन नबी, जिसकी धमाके में मौत हो गई थी, को भी साजिशकर्ता के रूप में नामजद किया गया है।

एनआईए के अनुसार फरार आरोपी मुजफ्फर अहमद, सह-आरोपी डॉक्टर आदिल अहमद राथर का बड़ा भाई है और उसे अल कायदा से जुड़े आतंकी संगठन अंसार गजवत-उल-हिंद (Ansar Ghazwat-ul-Hind) का संस्थापक सदस्य माना जाता है। जांच में दावा किया गया है कि जून 2022 में श्रीनगर के ईदगाह इलाके में हुई एक गुप्त बैठक के दौरान इस आतंकी मॉड्यूल (Terror Module) की नींव रखी गई थी।

जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी (Al-Falah University) में एक गुप्त आईईडी निर्माण केंद्र (IED Factory) संचालित किया जा रहा था, जहां टीएटीपी आधारित विस्फोटक तैयार करने, उनकी टेस्टिंग और सुरक्षित रखने का काम किया जाता था। करीब 7,500 पन्नों की चार्जशीट में दावा किया गया है कि 10 नवंबर 2025 को लाल किले के बाहर हुए कार बम विस्फोट की साजिश डॉक्टर उमर उन नबी ने रची थी। मामले में गिरफ्तार आरोपी दानिश पर ड्रोन (Drone) में तकनीकी बदलाव कर रॉकेट तैयार करने की कोशिश का आरोप है, जबकि तुफैल अहमद भट्ट पर सीमा पार हैंडलरों के जरिए एके-47, क्रींकोव राइफल, पिस्तौल, मैगजीन, कारतूस और तीन लाख रुपये की नकदी मॉड्यूल तक पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।

इस आत्मघाती कार बम हमले में कुल 13 लोगों की मौत हुई थी। फिलहाल मामले की जांच निर्णायक चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है। अब 13 जुलाई को होने वाली अगली सुनवाई में अदालत एनआईए की फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूरक चार्जशीट पर आगे की कार्रवाई करेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।