IBA की पहल पर ACEO सुमित यादव ने इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (06/07/2026): इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय एवं संस्था की टीम के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) सुमित यादव ने सोमवार को प्राधिकरण के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने क्षेत्र में व्याप्त साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, ड्रेनेज, सीवरेज, सड़क, जलभराव तथा हॉर्टिकल्चर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव ने अधिकारियों को तत्काल कूड़े के ढेर हटाने, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, झाड़ियों की कटाई कराने तथा मानसून से पूर्व सभी नालों की युद्धस्तर पर सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्ढों को फिलहाल गिट्टी भरकर रोलर से समतल कराने, सड़क चौड़ीकरण का कार्य निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप पूरा करने तथा निर्माणाधीन आरसीसी ड्रेन के कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान बड़े नाले से जुड़ रही निर्माणाधीन कलवर्ट और जल निकासी व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। ACEO ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्रेनेज, गार्बेज, सीवरेज, सड़क अथवा हॉर्टिकल्चर से संबंधित किसी भी समस्या के कारण औद्योगिक इकाइयों एवं उद्यमियों को असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित कराना है। उन्होंने कहा कि IBA औद्योगिक क्षेत्रों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित, सुविधायुक्त एवं आदर्श औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए शासन, प्रशासन और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर कार्य कर रही है तथा यह प्रयास भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।

अमित उपाध्याय ने औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं का संज्ञान लेकर उनके समाधान के लिए टीम गठित करने तथा निरंतर सकारात्मक सहयोग प्रदान करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन.जी. का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही, मौके पर पहुंचकर समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण करने एवं संबंधित अधिकारियों को प्रभावी दिशा-निर्देश देने के लिए अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह, परियोजना विभाग के प्रबंधक प्रशांत समाधिया, संविदा सुपरवाइजर जितेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, अनिल कुमार एवं धनेश भाटी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।