प्रीत विहार में पुलिस के सामने गुंडागर्दी, रॉन्ग साइड आए दबंगों ने युवक का सिर फोड़ा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (06 July 2026): राजधानी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। बीच सड़क पर ट्रैफिक नियम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि रॉन्ग साइड से आ रही कार सवार दबंगों ने एक युवक पर हमला कर उसका सिर फोड़ दिया, जबकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना तब शुरू हुई जब प्रीत विहार में एक विक्टोरिस कार गलत दिशा से आ रही थी। सामने से आ रही दूसरी कार, जिसमें एक परिवार सवार था, उससे टक्कर होते-होते बची। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो विक्टोरिस कार में सवार पिता-पुत्र ने आक्रामक रुख अपनाते हुए गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

पीड़ित परिवार ने हालात बिगड़ते देख पीसीआर को कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश करने लगी। लेकिन आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हमलावरों के हौसले कम नहीं हुए। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस की पीसीआर गाड़ी से डंडा निकाल लिया और सामने खड़े युवक के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया।

सबसे गंभीर आरोप यह है कि इस हिंसक घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मी हस्तक्षेप करने के बजाय मोबाइल फोन से वीडियो बनाते नजर आए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस ने सख्ती दिखाई होती तो युवक को गंभीर चोट नहीं लगती। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दिल्ली पुलिस की भूमिका को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

मामले पर सफाई देते हुए डीसीपी ईस्ट राजीव कुमार ने बताया कि रॉन्ग साइड आने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। उन्होंने पीसीआर से डंडा निकाले जाने के आरोपों को खारिज किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, हालांकि शांति भंग करने के आरोप में दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।