इंस्टाग्राम पर प्यार, मंदिर में शादी और फिर लाखों लेकर फरार! दिल्ली में ‘लुटेरी दुल्हन’ का चौंकाने वाला खेल
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (05/07/2026): राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम (Instagram) पर हुई दोस्ती शादी तक पहुंची, लेकिन कुछ ही दिनों बाद दुल्हन कथित तौर पर करीब 30 लाख रुपये के गहने और महंगे उपहार लेकर फरार हो गई। पुलिस (Delhi Police) ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वसंत कुंज निवासी 31 वर्षीय युवक की मां का जनवरी 2026 में निधन हो गया था। अप्रैल में उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए एक युवती से हुई। युवती ने खुद को बड़े हीरा और रियल एस्टेट (Real Estate) कारोबारी परिवार की बेटी बताया और दावा किया कि उसने हांगकांग के एक प्रतिष्ठित कॉलेज से पढ़ाई की है।
आरोप है कि युवती ने अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल (Luxury Lifestyle), महंगी गाड़ियों और विदेशी यात्राओं की कहानियां बताकर युवक का विश्वास जीत लिया। 7 मई को युवक ने उसे जयपुर बुलाया, लेकिन उसने ब्यूटी ट्रीटमेंट के कारण चेहरे पर सूजन होने का बहाना बनाकर आने से इनकार कर दिया। बाद में एक महिला ने खुद को युवती की मां बताते हुए फोन कर माफी भी मांगी।
21 मई को युवती दिल्ली पहुंची और एक होटल में ठहरी। अगले दिन वह युवक के घर गई और परिवार से मुलाकात की। इसके बाद वह युवक और उसके पिता के साथ हिमाचल प्रदेश के बद्दी स्थित फैक्ट्री (Factory Visit) भी गई। परिवार ने उसका भव्य स्वागत करते हुए महंगे उपहार दिए, जबकि युवक के पिता ने अपनी दिवंगत पत्नी के लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के आभूषण भी उसे सौंप दिए।
11 जून को दोनों ने रमेश नगर स्थित आर्य समाज मंदिर (Arya Samaj Temple) में विवाह कर लिया। हालांकि, कुछ दिनों बाद एक जन्मदिन समारोह में एक महिला ने युवती को पहचान लिया और दावा किया कि वह पहले से शादीशुदा है। इसके बाद जब युवक ने पड़ताल की तो पता चला कि युवती गहने और उपहार लेकर गायब हो चुकी है।
वसंत कुंज साउथ थाना पुलिस ने धोखाधड़ी (Fraud) और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी महिला की तलाश में जुटी है और उसके पिछले रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।