धर्म और टेक्नोलॉजी का अनूठा संगम: घर बैठे होंगे श्रीराम, महाकाल समेत प्रमुख मंदिरों के ‘दुर्लभ दर्शन’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (1 जुलाई 2026): आस्था और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम अब श्रद्धालुओं को एक नया आध्यात्मिक अनुभव देने जा रहा है। अब देश के प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन, आरती और पूजा-अनुष्ठानों का अनुभव घर बैठे भी मंदिर में मौजूद होने जैसा महसूस किया जा सकेगा। यह संभव होगा ‘दुर्लभ दर्शन’ की अत्याधुनिक 6D वर्चुअल रियलिटी (VR) टेक्नोलॉजी के माध्यम से, जिसमें केवल 3D दृश्य ही नहीं बल्कि जल, वायु और सुगंध का भी वास्तविक अनुभव मिलेगा।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना से बॉलीवुड अभिनेता आशुतोष राणा ब्रांड एम्बेसडर और मेंटर के रूप में जुड़े हैं। नई दिल्ली में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा, “धर्म का अपना विज्ञान होता है और विज्ञान का अपना धर्म, लेकिन जहाँ धर्म और विज्ञान दोनों मिल जाते हैं, वह दुर्लभ दर्शन है।”

1 जुलाई से शुरू होंगे ‘श्रीराम की अयोध्या’ और ‘उज्जयिनी के महाकाल’ के अनुभव

दुर्लभ दर्शन की 11 आध्यात्मिक 6D VR यात्राओं की श्रृंखला का शुभारंभ 1 जुलाई से “श्रीराम की अयोध्या” और “उज्जयिनी के महाकाल” से किया गया है। इन अनुभवों में आशुतोष राणा स्वयं प्रस्तोता के रूप में मंदिरों का आध्यात्मिक महत्व, पौराणिक कथाएं और वहां होने वाले प्रमुख अनुष्ठानों की जानकारी देंगे।

इन आध्यात्मिक कहानियों का लेखन साहित्यकार आलोक श्रीवास्तव ने किया है, जबकि संगीत युवा संगीतकार सौरभ मेहता ने तैयार किया है।

देशभर में खुलेंगे 100 से अधिक 6D अनुभव केंद्र

दुर्लभ दर्शन और TechXR Innovations के संस्थापक, IIT कानपुर के पूर्व छात्र एवं पूर्व IRS अधिकारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि कंपनी देशभर में 100 से अधिक 6D अनुभव केंद्र स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि इन केंद्रों में श्रद्धालु 10 से 15 मिनट तक ऐसा अनुभव करेंगे जैसे वे स्वयं मंदिर के गर्भगृह में उपस्थित होकर आरती और पूजा में शामिल हैं। साथ ही मंदिरों का इतिहास, धार्मिक महत्व और पौराणिक कथाएं भी सरल भाषा में प्रस्तुत की जाएंगी।

100 प्रतिशत मेड इन इंडिया है 6D तकनीक

प्रशांत मिश्रा ने बताया कि दुर्लभ दर्शन की 6D तकनीक पूरी तरह ‘मेड इन इंडिया’ है और इसके लिए पेटेंट आवेदन भी किया जा चुका है। यह तकनीक VR हेडसेट के साथ मिलकर विशेष समय पर जल, हवा और सुगंध का अनुभव कराती है, जिससे श्रद्धालुओं को वास्तविक उपस्थिति जैसा एहसास होता है।

60 से अधिक मंदिरों का घर बैठे मिलेगा अनुभव

दुर्लभ दर्शन का मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया है, जिसके माध्यम से VR हेडसेट की सहायता से श्रद्धालु घर बैठे देश के 60 से अधिक प्रमुख मंदिरों, तीर्थस्थलों और विशेष पूजाओं का इमर्सिव अनुभव प्राप्त कर सकते हैं।

इन प्रमुख मंदिरों में संचालित हैं दुर्लभ दर्शन केंद्र

वर्तमान में दुर्लभ दर्शन के केंद्र देश के सात राज्यों में संचालित हैं। इनमें प्रमुख रूप से—

श्री काशी विश्वनाथ, वाराणसी

श्री महाकालेश्वर, उज्जैन

माँ वैष्णो देवी

हनुमानगढ़ी, अयोध्या

पावन धाम, हरिद्वार

माँ महालक्ष्मी मंदिर, नागपुर

इस्कॉन मंदिर, कैलाश (दिल्ली)

नीलकंठ धाम, गुजरात

माँ बगलामुखी, नलखेड़ा

माँ शारदा शक्तिपीठ, मैहर

माँ भद्रकाली शक्तिपीठ, कुरुक्षेत्र

अगले चरण में चारधाम, ज्योतिर्लिंग और कैलाश मानसरोवर यात्रा

कंपनी ने बताया कि अगले चरण में चारधाम यात्रा, द्वादश ज्योतिर्लिंग, शक्तिपीठ, जगन्नाथ रथ यात्रा, दक्षिण भारत के प्रमुख मंदिर, वृंदावन परिक्रमा, कैलाश मानसरोवर यात्रा, द्वारकाधीश और राम वन गमन पथ जैसी आध्यात्मिक यात्राओं को भी 6D VR अनुभव के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

फिर साथ आए आशुतोष राणा और आलोक श्रीवास्तव

दुर्लभ दर्शन ने अपने आगामी इमर्सिव प्रोजेक्ट्स के लिए साहित्यकार आलोक श्रीवास्तव को भी जोड़ा है। इससे पहले दोनों कलाकार ‘शिव तांडव’ और चर्चित नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ में साथ काम कर चुके हैं। आलोक श्रीवास्तव ने कहा कि आशुतोष राणा केवल अभिनेता ही नहीं, बल्कि भारतीय धर्म, दर्शन और अध्यात्म के गंभीर अध्येता भी हैं। उनके साथ काम करना किसी विश्वविद्यालय में अध्ययन करने जैसा अनुभव है।

IRS की नौकरी छोड़ शुरू किया स्टार्टअप

दुर्लभ दर्शन की स्थापना की कहानी भी प्रेरणादायक है। कंपनी के संस्थापक प्रशांत मिश्रा ने IIT कानपुर से इंजीनियरिंग करने के बाद UPSC परीक्षा उत्तीर्ण कर IRS सेवा जॉइन की थी। करीब 15 वर्षों तक सरकारी सेवा देने के बाद उन्होंने तकनीक के माध्यम से समाज की समस्याओं का समाधान खोजने के उद्देश्य से नौकरी छोड़कर TechXR Innovations की स्थापना की।

उनके नवाचारों को भारत सरकार की ओर से 5G Hackathon और Best Innovation जैसे सम्मान भी मिल चुके हैं। आज उनकी कंपनी देशभर में 250 से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध करा रही है।

श्रद्धालुओं को मिलेगा ‘मन भर दर्शन’

दुर्लभ दर्शन का उद्देश्य उन करोड़ों श्रद्धालुओं तक मंदिरों का गहन आध्यात्मिक अनुभव पहुंचाना है, जो अत्यधिक भीड़ या दूरी के कारण अपने आराध्य के निकट बैठकर दर्शन नहीं कर पाते। कंपनी का दावा है कि 6D VR तकनीक के माध्यम से भक्तों को “मन भर दर्शन” कराने की दिशा में यह भारत का अपनी तरह का पहला प्रयास है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।