दिल्ली में कल से शुरू होगी वोटर लिस्ट का स्पेशल इंटेंसिव रिविजन, घर-घर पहुंचेंगे BLO

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (29 June 2026): देश के कई राज्यों में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दिल्ली में भी यह अभियान मंगलवार, 30 जून से शुरू होने जा रहा है। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि इस अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को दो-दो एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे। मतदाता को इनमें से एक फॉर्म भरकर बीएलओ को वापस देना होगा, जबकि दूसरा फॉर्म अपने पास रखना होगा। जमा किए गए फॉर्म के आधार पर मतदाता का सत्यापन और मैपिंग की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बीएलओ 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर जाकर यह प्रक्रिया पूरी करेंगे। यदि किसी मतदाता ने अपना पता बदल लिया है और वह मतदाता सूची में दर्ज पुराने पते पर नहीं रहता है, तो भी उसका एन्यूमरेशन फॉर्म पुराने पते पर ही पहुंचेगा। ऐसी स्थिति में यदि बीएलओ को संबंधित मतदाता नहीं मिलता है, तो उसकी मैपिंग नहीं हो सकेगी और उसका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल होने में समस्या आ सकती है।

हालांकि, ऐसे मतदाताओं के लिए भी विकल्प रखा गया है। अशोक कुमार के अनुसार, जब दावे और आपत्तियों का समय शुरू होगा, तब संबंधित व्यक्ति फॉर्म-6 भरकर अपने वर्तमान पते पर नया वोटर पंजीकरण कराने के लिए आवेदन कर सकेगा। इसके अलावा निर्वाचन आयोग ने ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई है, जिसके माध्यम से मतदाता एन्यूमरेशन फॉर्म डाउनलोड कर उसे भरकर ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। इस पूरे अभियान की थीम “कोई भी योग्य वोटर छूटे नहीं, कोई भी अयोग्य वोटर शामिल न हो” रखी गई है।

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी घर पर पहली बार बीएलओ को कोई नहीं मिलता, तो वह कम से कम तीन बार वहां जाकर संपर्क करने का प्रयास करेगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का सत्यापन कर मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। आयोग ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर फॉर्म भरकर बीएलओ को सौंपें और सत्यापन प्रक्रिया में पूरा सहयोग करें।

दिल्ली में एसआईआर कार्यक्रम के अनुसार 30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी, जबकि 3 अक्टूबर तक सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा। इसके बाद 7 अक्टूबर को दिल्ली की अंतिम संशोधित मतदाता सूची जारी की जाएगी, जिसमें सत्यापित और पात्र मतदाताओं के नाम शामिल होंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।