दिल्ली की झुग्गी बस्तियों के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 1,510 परियोजनाओं पर होगा काम

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (27 June 2026): दिल्ली सरकार ने राजधानी की झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लाखों लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर विकास कार्य शुरू करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) के माध्यम से झुग्गी बस्तियों में आधारभूत सुविधाओं के निर्माण, मरम्मत और उन्नयन का कार्य तेजी से किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य इन बस्तियों में रहने वाले लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें भी राजधानी के अन्य क्षेत्रों की तरह मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के दौरान डूसिब के जरिए कुल 1,510 विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें वर्ष 2025-26 में 1,253 परियोजनाओं पर 379.80 करोड़ रुपये और वर्ष 2026-27 में अब तक 257 परियोजनाओं पर 61.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी जा चुकी है। इस प्रकार दोनों वर्षों में कुल 441.10 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसके अलावा दिल्ली सरकार के सामान्य बजट और अन्य विभागों के माध्यम से भी झुग्गी बस्तियों में अलग-अलग विकास परियोजनाओं पर अतिरिक्त खर्च किया जा रहा है।

इन परियोजनाओं के तहत सामुदायिक शौचालयों और जनसुविधा परिसरों का निर्माण एवं नवीनीकरण, पेयजल और सीवर व्यवस्था में सुधार, गलियों एवं आंतरिक सड़कों का विकास, नालियों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और बिजली व्यवस्था को मजबूत करना, सीमा दीवारों एवं प्रवेश द्वारों का निर्माण, वर्षा जल निकासी और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य किए जाएंगे। सरकार ने नरेला, तिमारपुर, आदर्श नगर, जहांगीरपुरी, आजादपुर, बवाना, रोहिणी, सीमापुरी, त्रिलोकपुरी, शाहदरा, करावल नगर, संगम विहार, द्वारका, नजफगढ़ सहित राजधानी के कई क्षेत्रों की झुग्गी बस्तियों को प्राथमिकता सूची में रखा है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार झुग्गी बस्तियों के निवासियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि राजधानी के प्रत्येक नागरिक को, चाहे वह किसी भी इलाके में रहता हो, बुनियादी सुविधाओं तक समान पहुंच मिले। इसी उद्देश्य से कई विधानसभा क्षेत्रों में अटल कैंटीनों का निर्माण भी कराया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों को सस्ती दरों पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा सके। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में झुग्गी बस्तियों के विकास, स्वच्छता, सुरक्षा और सामुदायिक सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को और अधिक गति देकर दिल्ली के विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।