धीरपुर में बनेगा अंबेडकर विश्वविद्यालय का नया वर्ल्ड क्लास कैंपस, कितने करोड़ होंगे खर्च

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (25 जून 2026): दिल्ली में उच्च शिक्षा (Higher Education) के क्षेत्र को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की अध्यक्षता में दिल्ली सरकार की व्यय वित्त समिति ने उत्तरी दिल्ली के धीरपुर में डॉ. बी. आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय (Dr. B.R. Ambedkar University Delhi) के अत्याधुनिक नए परिसर के निर्माण को मंजूरी दे दी है। लगभग 1,668 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट राजधानी के शिक्षा ढांचे (Education Infrastructure) को नई मजबूती प्रदान करेगा और हजारों विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

करीब 20 हेक्टेयर यानी 50 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले इस परिसर को चरणबद्ध तरीके से लगभग 8,000 छात्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। पहले चरण में 5,400 विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जबकि 840 छात्रों के लिए आधुनिक छात्रावास (Hostel) और शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाओं का भी निर्माण किया जाएगा।

नए कैंपस में आधुनिक शैक्षणिक भवन, केंद्रीय पुस्तकालय (Central Library), प्रशासनिक ब्लॉक, छात्र सुविधा केंद्र, खेल अवसंरचना (Sports Infrastructure), पार्किंग व्यवस्था और 2,500 सीटों की क्षमता वाला भव्य सभागार (Auditorium) बनाया जाएगा। यह परिसर विद्यार्थियों को समावेशी (Inclusive), आधुनिक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शिक्षा किसी भी विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव होती है और दिल्ली सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और सुलभ उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धीरपुर का यह नया परिसर केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि शोध (Research), नवाचार (Innovation) और व्यक्तित्व विकास के नए अवसरों का केंद्र बनेगा।

परियोजना को पर्यावरणीय दृष्टि से भी अत्याधुनिक बनाया जाएगा। परिसर को जीआरआईएचए 5-स्टार (GRIHA 5-Star) रेटिंग के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिसमें सौर ऊर्जा (Solar Energy), भू-तापीय ऊर्जा (Geothermal Energy), वर्षा जल संचयन (Rainwater Harvesting), अपशिष्ट जल पुनर्चक्रण (Wastewater Recycling) और आधुनिक जल संरक्षण प्रणालियों का उपयोग किया जाएगा। दिल्ली शहरी कला आयोग और दिल्ली अग्निशमन सेवा सहित आवश्यक वैधानिक अनुमतियां पहले ही प्राप्त हो चुकी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे संस्थान विकसित करना है जो विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की शिक्षा और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर सकें। धीरपुर में बनने वाला यह नया कैंपस दिल्ली को देश के अग्रणी ज्ञान और शिक्षा केंद्र (Knowledge Hub) के रूप में और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।