BIS और IIA मेरठ की उद्योग जागरूकता बैठक में MSMEs को गुणवत्ता मानकों की दी जानकारी
टेन न्यूज नेटवर्क
Meerut News (25/06/2026): भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के गाजियाबाद शाखा कार्यालय और इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) मेरठ चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को मेरठ स्थित IIA भवन में एक विशेष ‘उद्योग जागरूकता बैठक’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्योगों, विशेषकर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs), को भारतीय गुणवत्ता मानकों, प्रमाणन प्रक्रियाओं और लाइसेंसिंग संबंधी आवश्यक जानकारियों से अवगत कराना था।
बैठक में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों और उद्यमियों ने भाग लिया। इस दौरान BIS अधिकारियों ने उद्योग जगत से जुड़े लोगों को गुणवत्ता नियंत्रण, मानकीकरण और उत्पाद प्रमाणन से संबंधित नियमों एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय मानक ब्यूरो, गाजियाबाद शाखा कार्यालय के उपनिदेशक एवं वैज्ञानिक-सी श्री सैलेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा कि उद्योग जगत में अक्सर यह धारणा बनी रहती है कि BIS केवल एक सख्त नियामक संस्था है, जबकि वास्तविकता यह है कि ब्यूरो उद्योगों के लिए एक मार्गदर्शक और सहयोगी संस्था के रूप में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि BIS का उद्देश्य उद्योगों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में सहायता प्रदान करना है।
उन्होंने BIS पोर्टल में हाल ही में किए गए विभिन्न अपडेट्स, ऑनलाइन सेवाओं और उद्योगों को उपलब्ध कराई जा रही रियायतों एवं छूटों की जानकारी भी साझा की। साथ ही BIS मानक प्रमाणन और रजिस्ट्रेशन प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाते हुए उद्योगपतियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

श्री वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम उद्योगों और नियामक संस्थाओं के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रयासों से “एक राष्ट्र, एक मानक” की परिकल्पना को मजबूती मिलेगी और उपभोक्ताओं तक केवल सुरक्षित एवं गुणवत्ता-प्रमाणित उत्पाद ही पहुंच सकेंगे।
वहीं, IIA मेरठ चैप्टर के अध्यक्ष अंकित सिंघल ने कहा कि उद्योगों को बदलते मानकों और गुणवत्ता संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह जागरूकता अभियान स्थानीय उद्योगों को अधिक सक्षम, प्रतिस्पर्धी और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
बैठक में उद्योग जगत से जुड़े अनेक प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए अपने सुझाव और समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में तनुज गुप्ता, ईशु बंसल, अनुराग अग्रवाल, संजीव मित्तल, अश्वनी गुप्ता, गिरिश मोहन गुप्ता, मयंक गुप्ता सहित कई उद्यमी एवं उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस अवसर पर BIS और IIA के प्रतिनिधियों ने उद्योगों को गुणवत्ता मानकों के प्रति जागरूक बनाने तथा प्रमाणन प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।