GIMS में नहीं हुआ लाठीचार्ज, अफवाहों पर पुलिस और प्रबंधन का बड़ा बयान
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (25/06/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS) में आउटसोर्स कर्मचारियों के धरना-प्रदर्शन को लेकर सामने आई लाठीचार्ज की खबरों को पुलिस प्रशासन और जिम्स प्रबंधन ने पूरी तरह निराधार बताया है। अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में किसी प्रकार का लाठीचार्ज नहीं हुआ और मरीजों को होने वाली परेशानी को देखते हुए प्रदर्शनकारी कर्मचारियों को अस्पताल परिसर के भीतर ही दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, जिम्स में लंबे समय से कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से अस्पताल के मुख्य हॉल में धरना दे रहे थे। इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था तथा चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो रही थीं। प्रशासन और पुलिस लगातार कर्मचारियों से संवाद कर उन्हें किसी अन्य स्थान पर धरना जारी रखने का अनुरोध कर रहे थे।
पुलिस का कहना है कि कर्मचारियों को अस्पताल के भीतर ही वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित करने के दौरान कुछ लोगों द्वारा खींचतान और धक्का-मुक्की की गई, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मारपीट और लाठीचार्ज के आरोप पूरी तरह असत्य हैं। मौके पर वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था सामान्य बनी रही।
GIMS के निदेशक ब्रिगेडियर डॉक्टर राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि संस्थान में पूरी तरह शांति का माहौल है। उन्होंने कहा कि कुछ कर्मचारी 15 जून से धरने पर बैठे हुए हैं, जिन्हें मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल के अंदर ही दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में प्रसारित लाठीचार्ज संबंधी खबरों को अफवाह करार देते हुए कहा कि इस प्रकार की कोई घटना जिम्स में नहीं हुई है। संस्थान की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से भ्रामक सूचनाएं फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
ब्रिगेडियर गुप्ता ने धरने पर बैठे कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि मरीजों के हित सर्वोपरि हैं। उन्होंने कर्मचारियों से अपने कार्य पर लौटने और बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालने का आग्रह किया। प्रशासन ने भी संबंधित पक्षों के साथ वार्ता जारी रखते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।