तिलपता रेलवे ओवरब्रिज शुरू होने से मिली बड़ी राहत, ग्रेटर नोएडा-ग्रेनो वेस्ट के बीच सफर हुआ आसान

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (23/06/2026): ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच आवागमन करने वाले लाखों यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। 130 मीटर रोड पर तिलपता गोलचक्कर और मकौड़ा गोलचक्कर के बीच पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट के निकट निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को मंगलवार से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। इसके शुरू होने से लंबे समय से जाम और यातायात दबाव की समस्या से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

करीब 1600 मीटर लंबा और चार लेन चौड़ा यह रेलवे ओवरब्रिज डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) द्वारा तैयार किया गया है। ओवरब्रिज के नीचे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की रेलवे लाइन गुजरती है। परियोजना के पूरा होने और इसे जल्द यातायात के लिए खोलने को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण लगातार प्रयासरत था।

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, 130 मीटर रोड नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दिल्ली और गाजियाबाद को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इस मार्ग पर वाहनों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण अंडरपास क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी। नए रेलवे ओवरब्रिज के खुलने से अब यातायात का दबाव कम होगा और यात्रियों का सफर अधिक सुगम बनेगा।

विशेष रूप से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी इस परियोजना का सीधा लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रा समय में भी कमी आएगी।

तिलपता गोलचक्कर पर जल्द बनेगा नया यू-टर्न

यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने तिलपता गोलचक्कर के दोनों ओर 130 मीटर रोड पर नए यू-टर्न के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देश पर इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, यह यू-टर्न तिलपता गोलचक्कर से पहले और बाद में दोनों दिशाओं में बनाया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित हो सकेगी। परियोजना का निर्माण कार्य आगामी कुछ महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

130 मीटर रोड को क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण संपर्क सड़कों में से एक माना जाता है। यही मार्ग ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच प्रमुख कनेक्टिविटी प्रदान करता है तथा नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए भी अहम भूमिका निभाता है। बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए प्राधिकरण सड़क चौड़ीकरण और विभिन्न चौराहों पर यातायात सुधार से जुड़े कार्यों को भी तेजी से आगे बढ़ा रहा है।

प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण, नए यू-टर्न और रेलवे ओवरब्रिज जैसी परियोजनाओं के पूरा होने के बाद 130 मीटर रोड पर जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी और यात्रियों को अधिक सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सुमित यादव ने संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।