दिल्ली के विकासपुरी में अनोखा पोलिंग स्टेशन, एस्ट्रोनॉट बने वॉलंटियर्स

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (5 फरवरी 2025 ) दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के मतदान में इस बार कुछ अनोखी झलकियां देखने को मिल रही हैं। विकासपुरी में एक अनोखा पोलिंग स्टेशन बनाया गया है, जिसकी थीम ‘चंद्रयान से चुनाव तक: भारत की उड़ान’ रखी गई है। इस अनोखे प्रयोग ने मतदाताओं को न सिर्फ जागरूक किया बल्कि विज्ञान और चुनावी प्रक्रिया के बीच एक अनूठा संगम भी प्रस्तुत किया।

इस पोलिंग स्टेशन की सबसे खास बात यह रही कि यहां वॉलंटियर्स अंतरिक्ष यात्रियों (एस्ट्रोनॉट) की पोशाक में नजर आए, जो मतदाताओं की मदद कर रहे थे। यह नजारा देखकर वोट डालने आए लोग बेहद उत्साहित नजर आए।

विकासपुरी के इस अनोखे मतदान केंद्र पर चंद्रयान और PSLV (पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल) के मॉडल भी प्रदर्शित किए गए। ये मॉडल राजधानी कॉलेज, शिवाजी कॉलेज और भारती कॉलेज के छात्रों द्वारा बनाए गए हैं। यह पहल न सिर्फ मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए की गई बल्कि देश की अंतरिक्ष उपलब्धियों को भी सम्मान देने का प्रयास है।

 

वोट डालने आने वाले मतदाता टेलीस्कोप और बायोस्कोप के जरिए न सिर्फ अंतरिक्ष को करीब से देखने का अनुभव ले सके, बल्कि बायोस्कोप के माध्यम से चुनावी जागरूकता से जुड़ी पुरानी यादों को भी ताजा किया गया।

विकासपुरी के एसडीएम और रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. नितिन शाक्य ने बताया, “इस पोलिंग स्टेशन की थीम ‘चंद्रयान से चुनाव तक’ रखी गई है, ताकि मतदाताओं में विज्ञान और लोकतंत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। हमने चंद्रयान और PSLV के मॉडल लगाए हैं और लोगों के मनोरंजन व जागरूकता के लिए बायोस्कोप व टेलीस्कोप भी उपलब्ध कराए हैं।”

 

यह अनोखा पोलिंग स्टेशन लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कई मतदाता मतदान के बाद एस्ट्रोनॉट वॉलंटियर्स के साथ तस्वीरें खिंचवाते नजर आए। इस तरह की पहल से चुनावी प्रक्रिया को रोचक और जागरूकता भरा बनाने में मदद मिलती है। दिल्ली में मतदान के दौरान विकासपुरी का यह पोलिंग स्टेशन लोकतंत्र और विज्ञान के संगम का प्रतीक बन गया है।

 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।