अभिनेता असरानी की आखिरी फिल्मों में से एक “हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं” 12 जून को होगी रिलीज

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (7 जून 2026): राजधानी दिल्ली के फिल्म डिवीजन में बहुप्रतीक्षित हिंदी फिल्म “हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं” का भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किया गया। यह फिल्म दिग्गज अभिनेता असरानी की आखिरी फिल्मों में से एक मानी जा रही है, जिसके चलते फिल्म को लेकर दर्शकों और सिनेप्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिनेता मुश्ताक खान, निर्देशक राकेश सावंत और निर्माता भंवर सिंह पुंडीर मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने मीडिया के साथ फिल्म निर्माण से जुड़े अनुभव साझा किए और फिल्म की विशेषताओं पर चर्चा की।

फिल्म में असरानी के अलावा मिलिंद गुणाजी, जरीना वहाब और मुश्ताक खान सहित कई अनुभवी कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राकेश सावंत ने किया है, जबकि इसका निर्माण श्वेता चौहान, भंवर सिंह पुंडीर और राकेश सावंत ने किया है।

इससे पहले मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राखी सावंत ने असरानी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए फिल्म शोले में निभाए गए उनके प्रतिष्ठित जेलर किरदार पर विशेष प्रस्तुति दी थी, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया था।

दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान निर्देशक राकेश सावंत ने बताया कि जब असरानी को फिल्म का शीर्षक “हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं” बताया गया था, तो वे बेहद प्रसन्न हुए थे और उन्होंने फिल्म की सफलता के लिए अपना आशीर्वाद दिया था।

मर्डर मिस्ट्री और सस्पेंस से भरपूर कहानी

फिल्म की कहानी एक रोमांचक मर्डर मिस्ट्री थ्रिलर पर आधारित है। कहानी में ठाकुर विश्वजीत सिंह और सवातेई परिवार के बीच का विवाद खौफनाक अपराध और चौंकाने वाले रहस्यों का रूप ले लेता है। इस पूरे मामले की जांच इंस्पेक्टर देव और इंस्पेक्टर राणा करते हैं, जो दर्शकों को सस्पेंस, ड्रामा, रोमांस और एक्शन से भरपूर सफर पर ले जाते हैं।

उत्तराखंड की वादियों में हुई शूटिंग

फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में की गई है। शानदार लोकेशन्स, भावनात्मक कहानी और मधुर संगीत के साथ यह फिल्म दर्शकों को एक अलग सिनेमाई अनुभव देने का दावा करती है।

निर्देशक राकेश सावंत ने कहा,

> “यह फिल्म हमारे लिए बेहद खास और भावुक है क्योंकि इसमें असरानी जी की यादगार परफॉर्मेंस जुड़ी हुई है। हमने दर्शकों को एक सम्पूर्ण मनोरंजन देने की कोशिश की है।”

वहीं निर्माता भंवर सिंह पुंडीर ने कहा,

> “फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। यह फिल्म असरानी जी के योगदान को समर्पित है और दर्शकों को एक बेहतरीन थ्रिलर अनुभव प्रदान करेगी।”

12 जून को सिनेमाघरों में दस्तक

जया फिल्म्स और गजानन मोशन मूवीज के बैनर तले बनी इस फिल्म में असरानी, मिलिंद गुणाजी, जरीना वहाब, रक्षा गुप्ता, मुस्कान वर्मा, विष्णु शर्मा, अभिनव चौहान और मुश्ताक खान प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।

“हम अंग्रेजों के ज़माने के जेलर हैं” 12 जून 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म से जुड़ी भावनात्मक पृष्ठभूमि और असरानी की यादगार मौजूदगी इसे इस वर्ष की चर्चित फिल्मों में शामिल कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।