साकेत मेट्रो स्टेशन के पास पांच मंजिला इमारत ढही, मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (30/05/2026): दक्षिण दिल्ली के साकेत (Saket) इलाके में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा उस समय हो गया जब महरौली थाना क्षेत्र के सैदुलाजाब (Saidullajab) स्थित वेस्टर्न मार्ग (Western Marg) पर एक पांच मंजिला इमारत (Five-Storey Building) अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 7:44 बजे दिल्ली अग्निशमन सेवा (Delhi Fire Services) को इमारत गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने तत्काल तीन वाटर टेंडर (Water Tender) और एक इमरजेंसी रेस्क्यू टेंडर (IRT) को मौके पर रवाना किया। राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी एडीओ वाई.एस. मीणा, एसटीओ मुकुल भारद्वाज और एसटीओ मनोज मेहलावत द्वारा की जा रही है।
यह हादसा साकेत मेट्रो स्टेशन (Saket Metro Station) के निकट स्थित सैदुलाजाब क्षेत्र में हुआ। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि देर रात तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
घटना के बाद स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन (Disaster Management) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल मलबे को हटाकर संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश में जुटा हुआ है। क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से घेर लिया गया है और आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने कहा है कि राहत एवं बचाव अभियान (Rescue Operation) प्राथमिकता के आधार पर जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इमारत गिरने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।