340 निशानेबाजों के साथ DWPS शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (30/05/2026): दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, केपी-III में फोकस फायर शूटिंग अकादमी के सहयोग से आयोजित प्रथम DWPS शूटिंग चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन 28 मई 2026 को हुआ। यह प्रतियोगिता 25 मई से 28 मई तक चार दिवसीय रूप में आयोजित की गई, जिसमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली एवं आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न शूटिंग अकादमियों से लगभग 340 निशानेबाजों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में 10 मीटर राइफल, 10 मीटर पिस्टल तथा लिटिल चैंपियनशिप श्रेणियों के मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि राणा शूटिंग अकादमी के नाम रही, जिसके 80 खिलाड़ियों ने भाग लिया। अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी, ₹5100 की नकद पुरस्कार राशि तथा गिफ्ट हैम्पर अपने नाम किए। इस सफलता का श्रेय अकादमी के कोच श्री संदीप राणा एवं श्री सागर तोमर को दिया गया, जिनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। ISSF राइफल वर्ग में हॉकआई गाजियाबाद शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। अभिजोत ने प्रथम, अक्षत ने द्वितीय तथा निखिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कोच श्री देव द्वारा किया गया।
वहीं ISSF पिस्टल वर्ग में गाजियाबाद शूटिंग अकादमी की संस्कृति बाना ने प्रथम स्थान हासिल किया। द्रोणाचार्य शूटिंग अकादमी, बुलंदशहर के पंकज ने द्वितीय तथा बौलिनी शूटिंग अकादमी के मोनू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन खिलाड़ियों को क्रमशः कोच श्री देव, श्री राहुल कुमार शर्मा एवं श्री विनीत मलिक का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। NR राइफल वर्ग में बीबीएसएसएम हापुड़ की सौम्या त्यागी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। WSA शूटिंग अकादमी के राहुल ने द्वितीय तथा दीपक ओलंपिक शूटिंग अकादमी की हिमांशी ने तृतीय स्थान हासिल किया। इन खिलाड़ियों के कोच क्रमशः श्री राजेश, श्री अभिषेक एवं श्री सचिन गुर्जर रहे।

NR पिस्टल वर्ग में चौधरी केहर सिंह शूटिंग अकादमी के विधुर तोमर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। OSS शूटिंग अकादमी के ईशांत ने द्वितीय तथा राणा शूटिंग अकादमी के सागर तोमर ने तृतीय स्थान हासिल किया। विधुर तोमर को कोच श्री शिवम तोमर तथा सागर तोमर को कोच श्री संदीप राणा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल एवं फोकस फायर शूटिंग अकादमी के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। यह आयोजन क्षेत्र में शूटिंग खेल के विकास और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।