डीएम मेधा रूपम ने किय शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ, 235 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddh Nagar News (30/05/2026): गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन एवं जिला खेल विभाग द्वारा आयोजित जनपदीय शतरंज (चेस) प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को जिलाधिकारी मेधा रूपम ने रामग्या स्कूल, सेक्टर-50 नोएडा में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में रामग्या स्कूल की प्रधानाचार्या रीना सिंह भी उपस्थित रहीं। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अपने संबोधन में कहा कि शतरंज ऐसा खेल है जो मानसिक विकास, धैर्य, एकाग्रता और रणनीतिक सोच को मजबूत बनाता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने प्रतियोगिता के शुभारंभ के बाद खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया और शतरंज की बिसात पर बच्चों के साथ खेलते हुए उनकी प्रतिभा को करीब से परखा। उन्होंने खिलाड़ियों की चालों, रणनीतियों और खेल के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। बच्चों के साथ शतरंज खेलते समय डीएम का सहज और प्रेरणादायक अंदाज देखने को मिला, जिससे प्रतिभागियों का उत्साह कई गुना बढ़ गया। उन्होंने कहा कि शतरंज ऐसा खेल है जो कम उम्र में ही बच्चों में तार्किक सोच, धैर्य, निर्णय लेने की क्षमता और चुनौतियों का सामना करने का आत्मविश्वास विकसित करता है। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने, खेल भावना बनाए रखने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उनकी मौजूदगी और सक्रिय सहभागिता ने प्रतियोगिता को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों से कुल 235 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। यंगेस्ट बॉय चेस प्लेयर का खिताब विहान चौधरी और यंगेस्ट गर्ल चेस प्लेयर का खिताब आरोही बंसल को मिला। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-7, अंडर-9, अंडर-11 और अंडर-15 वर्गों में बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने प्रतियोगिता की सभी व्यवस्थाओं की निगरानी की। विजेता खिलाड़ियों को डॉ. परवेज अली, रामग्या स्कूल के डायरेक्टर आर.के. केसरी, स्पोर्ट्स विभाग के प्रमुख संदीप शर्मा तथा चेस संगठन गौतमबुद्धनगर के सचिव अतुल निगम द्वारा पुरस्कृत किया गया। जिला प्रशासन एवं जिला खेल विभाग द्वारा 4 जून से 17 जून तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें 4 जून को कबड्डी एवं बास्केटबॉल, 5 जून को जूडो, 6 जून को कुश्ती एवं नेटबॉल, 7 जून को बैडमिंटन तथा 17 जून को तैराकी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।