लॉयड इन्क्यूबेशन ने रचा नया कीर्तिमान, 56 से ज्यादा स्टार्टअप्स को मिला मंच
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (29/05/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अंतर्गत संचालित लॉयड टेक्नोलॉजी बिजनेस इन्क्यूबेशन फाउंडेशन (LTBIF) ने स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान ने महज एक वर्ष के भीतर 56 से अधिक स्टार्टअप्स को इन्क्यूबेट कर क्षेत्रीय स्टार्टअप इकोसिस्टम में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। लॉयड इन्क्यूबेशन की यह सफलता नवाचार, तकनीकी विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
लॉयड इन्क्यूबेशन की स्थापना वर्ष 2023 में धारा-8 कंपनी के रूप में की गई थी। इसके बाद वर्ष 2024 में इसे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) द्वारा मान्यता प्राप्त इन्क्यूबेशन सेंटर का दर्जा मिला, जबकि वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति के अंतर्गत इसे आधिकारिक रूप से मान्यता प्राप्त इन्क्यूबेटर घोषित किया गया। 20 अप्रैल 2025 को पहले स्टार्टअप के साथ शुरू हुई यह पहल आज 56 से अधिक स्टार्टअप्स तक पहुंच चुकी है।
संस्थान की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इन्क्यूबेटेड स्टार्टअप्स मुख्य रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), हेल्थ-टेक, एग्री-टेक, एड-टेक, डिजिटल टेक्नोलॉजी और अन्य उभरते तकनीकी क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं। ये स्टार्टअप्स केवल व्यावसायिक लाभ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज और उद्योग से जुड़ी वास्तविक समस्याओं के समाधान विकसित करने पर भी काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की ग्रुप डायरेक्टर डॉ. वंदना अरोड़ा सेठी ने कहा कि लॉयड का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे युवाओं को तैयार करना है जो नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकें। उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य युवाओं की रचनात्मक सोच, तकनीकी क्षमता और समस्या समाधान कौशल पर आधारित है और लॉयड इन्क्यूबेशन उसी सोच को मजबूत मंच प्रदान कर रहा है।
उन्होंने कहा, हम ऐसा वातावरण तैयार कर रहे हैं जहां कोई भी युवा अपने विचार को केवल कल्पना तक सीमित न रखे, बल्कि विशेषज्ञ मार्गदर्शन, उद्योग सहयोग, अनुभवी मेंटर्स और आधुनिक संसाधनों की मदद से उसे सफल स्टार्टअप में बदल सके। हमें इस बात पर गर्व है कि लॉयड इन्क्यूबेशन न केवल हमारे विद्यार्थियों बल्कि देशभर के युवा उद्यमियों को भी अपने सपनों को साकार करने का अवसर दे रहा है।

डॉ. वंदना अरोड़ा सेठी ने आगे कहा कि संस्थान का लक्ष्य केवल नौकरी की तलाश करने वाले युवाओं को तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे युवा उद्यमियों को विकसित करना है जो रोजगार के नए अवसर पैदा करें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें। उन्होंने यह भी बताया कि इन्क्यूबेटेड स्टार्टअप्स के माध्यम से प्रौद्योगिकी, प्रबंधन और फार्मेसी के विद्यार्थियों को इंटर्नशिप, लाइव प्रोजेक्ट्स, इंडस्ट्री एक्सपोजर और मेंटरशिप के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे संस्थान में नवाचार और उद्यमिता की मजबूत संस्कृति विकसित हो रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एलआईईटी के डीन अनुसंधान एवं विकास (R&D) तथा लॉयड इन्क्यूबेशन के मेंटर डॉ. एस. पी. द्विवेदी ने बताया कि लॉयड इन्क्यूबेशन को उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति के तहत ₹2.5 करोड़ की अनुदान राशि स्वीकृत हुई है। इस राशि का उपयोग अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस नए इन्क्यूबेशन विंग के विकास में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संस्थान को एमएसएमई हैकाथॉन योजना के अंतर्गत ₹40 लाख तथा विभिन्न स्टार्टअप प्रोत्साहन योजनाओं के तहत ₹37.5 लाख की अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी प्राप्त हुई है। इन संसाधनों के जरिए स्टार्टअप्स को बिजनेस डेवलपमेंट सपोर्ट, तकनीकी सहयोग, निवेशकों तक पहुंच और विशेषज्ञ सलाह उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दौरान लॉयड बिजनेस स्कूल के डीन डॉ. रिपुदमन गौर ने कहा कि, भारत के युवाओं में नवाचार और उद्यमिता की अपार संभावनाएं हैं। जरूरत केवल ऐसे प्रभावी प्लेटफॉर्म की है जो विचारों को अवसरों में और अवसरों को सफल उद्यमों में बदल सके। उन्होंने कहा कि लॉयड इन्क्यूबेशन शिक्षा, उद्योग और स्टार्टअप इकोसिस्टम के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहा है।
प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि लॉयड इन्क्यूबेशन केवल स्टार्टअप्स को इन्क्यूबेशन सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उद्योग और अकादमिक जगत के बीच सहयोग को भी मजबूत बना रहा है। विद्यार्थियों को वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों को समझने, नवाचार आधारित सोच विकसित करने और उद्यमशीलता कौशल सीखने का अवसर मिल रहा है।
संस्थान का लक्ष्य ऐसे नवाचारकर्ताओं और भविष्य के नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करना है जो वैश्विक स्तर की चुनौतियों के समाधान प्रस्तुत कर सकें और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें। लॉयड इन्क्यूबेशन की यह उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि यदि युवाओं को सही दिशा, मजबूत नीतिगत समर्थन और प्रभावी इकोसिस्टम मिले तो नवाचार को आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन की बड़ी शक्ति में बदला जा सकता है। मात्र एक वर्ष में 56 से अधिक स्टार्टअप्स का इन्क्यूबेशन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।