IPL टिकट कालाबाजारी केस में बड़ा खुलासा!

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (29 May 2026): आईपीएल के दौरान दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में कॉम्प्लिमेंट्री पास और टिकटों की कथित कालाबाजारी का मामला अब गंभीर मोड़ ले चुका है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस पूरे रैकेट को संगठित अपराध मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गैर जमानती धारा 111 भी जोड़ दी है। इससे पहले मामले में लगी सभी धाराएं जमानती थीं, लेकिन जांच में सामने आए तथ्यों के बाद पुलिस ने कार्रवाई को और सख्त कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली एंड डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट असोसिएशन (DDCA) ने क्राइम ब्रांच के नोटिस का जवाब भेज दिया है, जिसकी फिलहाल विस्तार से जांच और कानूनी विश्लेषण किया जा रहा है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, 8 मई को दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए आईपीएल मैच से पहले दिल्ली गेट इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग की सूचना मिली थी। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुकीम, गुफरान उर्फ साजिद और मोहम्मद फैसल को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 33 कॉम्प्लिमेंट्री पास सहित कुल 54 टिकट बरामद किए गए थे। जांच में सामने आया कि ये लोग 4 अप्रैल से ही लगातार आईपीएल मैचों के टिकटों की कालाबाजारी कर रहे थे और कॉम्प्लिमेंट्री पास को ऊंचे दामों पर बेच रहे थे।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि ‘NOT FOR SALE’ लिखे कॉम्प्लिमेंट्री पास और टिकट उन्हें पेट्रोल पंप मैनेजर पंकज यादव के जरिए मिले थे। इस खुलासे के बाद क्राइम ब्रांच ने 11 मई को पंकज यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, तीनों मुख्य आरोपियों को कोर्ट से 23 मई को जमानत मिल चुकी है, लेकिन पुलिस का कहना है कि मामले में अभी कई अहम कड़ियां सामने आनी बाकी हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल थे और टिकट वितरण व्यवस्था में अंदरूनी मिलीभगत हुई थी या नहीं।

इस मामले में पुलिस ने बीएनएस की कई गंभीर धाराएं लगाई हैं। इनमें धारा 316(2) के तहत आपराधिक विश्वासघात, 318(2) के तहत साधारण धोखाधड़ी, धारा 319 के तहत भेष धारण कर धोखा देना और धारा 61(2) के तहत आपराधिक साजिश शामिल है। सबसे अहम धारा 111 है, जिसके तहत किसी संगठित अपराध गिरोह का सदस्य पाए जाने पर 5 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा और 5 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। क्राइम ब्रांच अब इस पूरे मामले को केवल टिकट ब्लैकिंग नहीं, बल्कि संगठित आपराधिक नेटवर्क के तौर पर देख रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।