यूपी के ये छोटे जिले भी बन रहे नए पर्यटन हब

टेन न्यूज नेटवर्क

Uttar Pradesh News (28/05/2026): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को तेजी से बढ़ावा मिल रहा है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम के कायाकल्प और मथुरा-वृंदावन समेत कई प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बढ़ती पर्यटकों की संख्या के बीच राज्य में किफायती ठहराव की मांग भी तेजी से बढ़ी है। इस जरूरत को योगी सरकार की बेड एंड ब्रेकफास्ट (बीएंडबी) एवं होमस्टे नीति पूरा कर रही है।

इस नीति के तहत पर्यटकों को महंगे होटलों के बजाय कम खर्च में ठहरने का विकल्प मिल रहा है, वहीं स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में नीति लागू होने के बाद से प्रदेशभर में होमस्टे और फार्मस्टे की संख्या तेजी से बढ़ी है। अब तक 3 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि करीब 900 होमस्टे और फार्मस्टे रजिस्टर्ड किए जा चुके हैं।

पर्यटन विभाग के मुताबिक वाराणसी, अयोध्या, मथुरा, आगरा, प्रयागराज और लखनऊ जैसे बड़े शहरों में होमस्टे मॉडल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। वहीं ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में बुंदेलखंड के बांदा, महोबा, हमीरपुर और झांसी जैसे जिले नए पर्यटन हब के रूप में उभर रहे हैं। इसके अलावा बाराबंकी, बहराइच, पीलीभीत और लखीमपुर जैसे जिलों में भी ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि यह नीति छोटे जिलों में रोजगार के अवसर बढ़ाने और पलायन रोकने में भी मददगार साबित हो रही है। कई परिवार अपने खाली कमरों को आय के साधन में बदल रहे हैं। यह मॉडल महिलाओं, बुजुर्ग दंपतियों और रिटायर्ड लोगों के लिए अतिरिक्त आय का बेहतर जरिया बनता जा रहा है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि पर्यटन का लाभ केवल बड़े शहरों और होटलों तक सीमित न रहे, बल्कि गांव-गांव और स्थानीय परिवारों तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि होमस्टे और फार्मस्टे मॉडल पर्यटकों को उत्तर प्रदेश की संस्कृति, खान-पान और ग्रामीण जीवन से जोड़ने का काम कर रहे हैं।

सरकार की इस नीति के तहत पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी रखी गई है। नई और पहले से संचालित इकाइयां भी आधिकारिक पोर्टल पर जाकर आसानी से पंजीकरण करा सकती हैं। इसके अलावा पर्यटन विभाग द्वारा प्रशिक्षण, प्रचार-प्रसार और कौशल विकास की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

नीति के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतम 6 कमरों और 12 बेड तक की व्यवस्था वाले होमस्टे एवं बीएंडबी इकाइयों को अनुमति दी गई है। साथ ही पर्यटन विभाग द्वारा संचालकों को विभिन्न सुविधाओं और योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।