IBA और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अहम बैठक, औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (27/05/2026): आज बुधवार को ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) एन.जी. रवि कुमार के कैंप कार्यालय में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय एवं एसोसिएशन की टीम के साथ एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न समस्याओं, आधारभूत संरचना के विकास, चल रहे कार्यों तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक के दौरान इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन द्वारा मुख्य कार्यपालक अधिकारी को एक विस्तृत प्रशंसा एवं सुझाव पत्र भी सौंपा गया। इसमें ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा पिछले कुछ समय में औद्योगिक क्षेत्रों में कराए गए विकास कार्यों की सराहना की गई। एसोसिएशन ने विशेष रूप से इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में सड़क निर्माण, सड़क चौड़ीकरण, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, इंटरलॉकिंग टाइल्स, हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट, हॉर्टिकल्चर, स्वच्छता व्यवस्था एवं श्रमिक सुविधा केंद्र जैसी योजनाओं को अत्यंत सराहनीय बताया।

मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार ने बैठक में उठाए गए सभी विषयों एवं समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा आश्वस्त किया कि ग्रेटर नोएडा के सभी औद्योगिक क्षेत्रों को चरणबद्ध तरीके से आदर्श एवं आधुनिक औद्योगिक क्षेत्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दिशा में कई विकास कार्य शुरू किए जा चुके हैं तथा अनेक परियोजनाएँ बजटिंग, एस्टीमेट और टेंडरिंग की प्रक्रिया में हैं।

सीईओ ने जानकारी दी कि सूरजपुर गोलचक्कर से घंटा चौक और परी चौक तक के मार्ग को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। इस मार्ग पर ग्रीन बेल्ट विकास, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट्स, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, फव्वारों का पुनः संचालन तथा पटरी सौंदर्यीकरण जैसे कार्य कराए जाएंगे, जिससे ग्रेटर नोएडा की आधारभूत संरचना और अधिक व्यवस्थित एवं आधुनिक बन सके।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार वर्तमान में इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में सड़क, ड्रेन, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लाइट, हॉर्टिकल्चर एवं अन्य आधारभूत संरचनात्मक कार्य बड़े स्तर पर कराए जा रहे हैं, उसी प्रकार प्राधिकरण के सभी औद्योगिक क्षेत्रों में व्यापक विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की पूरी टीम पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ औद्योगिक क्षेत्रों, आवासीय सेक्टरों एवं शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत और व्यवस्थित बनाने हेतु निरंतर कार्य कर रही है।

बैठक के दौरान इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन ने इकोटेक सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में पानी के बिलों से संबंधित समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। एसोसिएशन ने बताया कि कई क्षेत्रों में अब तक पानी की पाइपलाइन अथवा नियमित जलापूर्ति की व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के बावजूद उद्यमियों को लगातार पानी के बिल भेजे जा रहे थे, जिससे असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही थी।

इस पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार ने आश्वस्त किया कि ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में नई पानी की पाइपलाइन बिछाने हेतु टेंडर जारी किए जा चुके हैं तथा कई स्थानों पर कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टरों में उद्यमियों को शीघ्र जल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित होने के बाद ही बिलिंग प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जाएगा।

बैठक के दौरान मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार ने कहा कि ग्रेटर नोएडा केवल एक शहर नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। हमारा उद्देश्य केवल सड़क, ड्रेन या लाइट लगाना नहीं, बल्कि एक ऐसा आधुनिक, व्यवस्थित एवं विश्वस्तरीय औद्योगिक वातावरण तैयार करना है, जहाँ उद्यमियों को बेहतर सुविधाएँ, श्रमिकों को सम्मानजनक वातावरण और निवेशकों को विश्वास प्राप्त हो।
प्राधिकरण की पूरी टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

हम चाहते हैं कि ग्रेटर नोएडा के सभी औद्योगिक क्षेत्र आने वाले समय में मॉडल इंडस्ट्रियल सेक्टर के रूप में विकसित हों और देशभर के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत करें।
उद्यमियों, उद्योग संगठनों एवं नागरिकों के सुझाव हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। प्राधिकरण के दरवाजे सदैव खुले हैं और समस्याओं के समाधान हेतु हम पूरी संवेदनशीलता एवं सकारात्मक सोच के साथ कार्य कर रहे हैं।

बैठक के उपरांत इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री एन.जी. रवि कुमार के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए जिस गंभीरता और सकारात्मक सोच के साथ कार्य किया जा रहा है, उससे उद्यमियों में विश्वास एवं उत्साह का वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि यदि इसी प्रकार योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य लगातार जारी रहे, तो ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र आने वाले समय में देश के सर्वश्रेष्ठ एवं मॉडल औद्योगिक क्षेत्रों के रूप में स्थापित होंगे।

एसोसिएशन ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्राधिकरण की पूरी टीम का उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित संज्ञान एवं समाधान के लिए हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर IBA के अध्यक्ष अमित उपाध्याय के साथ कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य हर्ष तोमर एवं अन्य उद्यमी बंधु उपस्थित रहे।।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।