Greater Noida News (27/05/2026): Jewar क्षेत्र में नाबालिग किशोर की हत्या के सनसनीखेज मामले का गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट (Gautam Buddh Nagar Police Commissionerate) ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को पकड़ने के दौरान मुठभेड़ हुई, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी को घेराबंदी कर दबोचा गया। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 22 मई को किशोर के पिता ने थाना जेवर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका 15 वर्षीय बेटा एक दिन पहले घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार और रिश्तेदारों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक और वैज्ञानिक साक्ष्य मिले। इसी बीच 22 मई की रात ग्राम रोही स्थित एक खाली मकान से किशोर का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमें गठित कर जांच तेज कर दी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, संदिग्ध गतिविधियों और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर तीन युवकों को चिन्हित किया। आरोपियों की पहचान रोही गांव निवासी नरेश और मोहित तथा बिहार के चंपारण निवासी उमेश कुमार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार मंगलवार को साबौता अंडरपास के नीचे चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि तीसरे को कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले मृतक की दादी ने उन पर किशोर को गलत संगति में डालने का आरोप लगाया था। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी भी हुई थी। आरोपियों के मन में इसी बात को लेकर नाराजगी बनी हुई थी।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 21 मई को किशोर को अपने पास बुलाया और उसे हुक्के में अत्यधिक मात्रा में तंबाकू मिलाकर पिलाया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा जांच रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल की निगरानी में कराया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं। मौत के कारणों की सटीक पुष्टि के लिए विसरा नमूना रासायनिक परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है।गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना पूर्व नियोजित थी या अचानक हुए विवाद का परिणाम।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।