डार्क वेब से NCR के छात्रों तक पहुंच रहा था नशे का जाल, STF ने मास्टरमाइंड को दबोचा

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (26/05/2026): एनसीआर के कॉलेजों, यूनिवर्सिटी कैंपस और हॉस्टलों में ऑनलाइन माध्यम से विदेशी ड्रग्स सप्लाई करने वाले एक संगठित नेटवर्क का उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में गैंग के कथित सरगना गौरव खन्ना को ग्रेटर नोएडा के परी चौक क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपी तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेल रहा था।

एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह डार्क वेब, सोशल मीडिया एप्स और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए अंतरराष्ट्रीय तस्करों से संपर्क स्थापित करता था। इसके बाद विदेशी मादक पदार्थों को गुप्त तरीके से मंगाकर एनसीआर के छात्रों और युवाओं तक पहुंचाया जाता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने ड्रग्स नेटवर्क को पूरी तरह डिजिटल मॉडल पर संचालित कर रखा था।

जांच एजेंसियों को पता चला है कि गौरव खन्ना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निजी कम्युनिटी ग्रुप बनाकर ग्राहकों से संपर्क करता था। ऑर्डर मिलने के बाद Rapido, Uber, Ola और Porter जैसे ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर ड्रग्स की सप्लाई कराई जाती थी, ताकि किसी को संदेह न हो।

एसटीएफ का कहना है कि ड्रग्स की पैकिंग बेहद शातिर तरीके से की जाती थी। पैकेट को इस तरह तैयार किया जाता था कि वह सामान्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, पेन ड्राइव या गैजेट एक्सेसरी जैसा दिखाई दे। इससे डिलीवरी के दौरान किसी को शक नहीं होता था।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह डार्क वेब के जरिए विदेशों में बैठे ड्रग तस्करों से जुड़ा हुआ था। भुगतान क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से किया जाता था, ताकि लेन-देन का रिकॉर्ड आसानी से ट्रैक न किया जा सके। पार्सल फर्जी नाम और पते पर मंगाए जाते थे तथा बाद में कथित रूप से कुछ कुरियर कर्मियों की मिलीभगत से उन्हें हासिल कर लिया जाता था।

एसटीएफ जांच में गौरव खन्ना का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी पहले हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2019 के बाद उसने ऑनलाइन माध्यम से इम्पोर्टेड गांजा, चरस और सिंथेटिक ड्रग्स के कारोबार में सक्रिय रूप से कदम रखा।

जांच एजेंसियों के मुताबिक गिरोह अलग-अलग प्रकार के मादक पदार्थों को भारी कीमतों पर बेच रहा था। जानकारी के अनुसार OG गांजा लगभग 1400 रुपये प्रति ग्राम, हैश करीब 4500 रुपये प्रति 10 ग्राम, बाबा कुश लगभग 5500 रुपये प्रति ग्राम तथा LSD करीब 4400 रुपये प्रति ग्राम तक बेची जा रही थी। माना जा रहा है कि गिरोह का मुख्य निशाना हाई-प्रोफाइल छात्र और हॉस्टल में रहने वाले युवा थे।

एसटीएफ इससे पहले इसी नेटवर्क से जुड़े करन राजीव नामक आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर चुकी है। उसके कब्जे से चरस, विदेशी गांजा, THC ऑयल, अल्प्राजोलम पाउडर, कई बैंक दस्तावेज, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और हथियार बरामद किए गए थे। उसी मामले में गौरव खन्ना फरार चल रहा था, जिसकी अब गिरफ्तारी हुई है।

एसटीएफ को जांच के दौरान 17 बैंक खातों और दो प्राइवेट लिमिटेड कंपनियों की जानकारी मिली है, जिनका इस्तेमाल कथित रूप से ड्रग्स कारोबार में किया जा रहा था। एजेंसियां अब इन खातों के लेन-देन, नेटवर्क से जुड़े लोगों और वित्तीय स्रोतों की गहराई से जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह तकनीक, सोशल मीडिया और डिजिटल पेमेंट सिस्टम का दुरुपयोग कर युवाओं तक नशा पहुंचाने का बड़ा माध्यम बन चुका था। फिलहाल एसटीएफ और अन्य जांच एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।