गौतमबुद्ध नगर जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण की समीक्षा बैठक संपन्न

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (26/05/2026): जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर मेधा रूपम की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनगणना कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के उप निदेशक अभिमन्यु सिंह ने बैठक में वर्तमान प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने स्पष्ट कहा कि जनगणना देश का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मकान सूचीकरण ब्लॉकों की दैनिक समीक्षा सुनिश्चित करें तथा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के कार्य की सतत निगरानी करें।

बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित एसीईओ की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इस संबंध में मुख्य सचिव को पत्र प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी 24 घंटे के भीतर कार्य प्रगति में सुधार सुनिश्चित करें।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी अजीत कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला विज्ञान अधिकारी डोली कुमारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित सभी उपजिलाधिकारी, चार्ज अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।