गाजियाबाद में मेयर की सख्ती: हिंडन किनारे मांस फेंकने जा रहे नाबालिग पकड़े गए
टेन न्यूज नेटवर्क
Ghaziabad News (25/05/2026): सुनीता दयाल के हस्तक्षेप के बाद गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दो नाबालिग लड़के साइकिल पर प्लास्टिक की बोरी में मांस ले जाते हुए पकड़े गए। मामले को लेकर मेयर ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने मदरसे के इमाम समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दोनों किशोरों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर मेयर सुनीता दयाल कनावनी क्षेत्र से गुजर रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़े कूड़े के ढेर पर पड़ी। नगर निगम की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए उन्होंने वाहन रुकवाया। तभी दो किशोर एक साइकिल पर प्लास्टिक की बोरी रखकर वहां पहुंचे।
मेयर और उनके साथ मौजूद लोगों ने जब बच्चों से पूछताछ की, तो उन्होंने बताया कि वे पास के एक मदरसे में पढ़ते हैं और उन्हें यह बोरी हिंडन नदी के पास फेंकने के लिए दी गई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चों की उम्र करीब 14 से 15 वर्ष के बीच है।
बच्चों के जवाब के बाद मेयर नाराज हो गईं। उन्होंने मौके पर ही कहा कि नदी में इस तरह मांस फेंकना गंभीर मामला है और प्रदेश सरकार की सख्ती के बावजूद इस तरह की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने मदरसे की भूमिका पर भी सवाल उठाए और कहा कि यदि अवैध गतिविधियां पाई गईं तो संबंधित संस्थान पर भी कार्रवाई कराई जाएगी।
मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही इंदिरापुरम थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मेयर ने पुलिस अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
घटनास्थल पर मेयर द्वारा मांस को गोमांस बताए जाने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि उस समय तक पशु चिकित्सकों द्वारा सैंपल की जांच नहीं हुई थी। पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर कहा था कि मांस के नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वह किस पशु का मांस था। इस बीच, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में दावा किया कि बोरी में बकरे के कटान के बाद बचे अवशेष थे, जिन्हें फेंकने के लिए ले जाया जा रहा था।
ACP अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में मदरसे के इमाम शमीम, जुबैर और शहबाज को गिरफ्तार किया गया है। तीनों के खिलाफ अवैध कटान, सार्वजनिक स्थल पर कचरा और मांस फेंकने, नदी को प्रदूषित करने तथा पर्यावरण संबंधी धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं दोनों नाबालिगों की भूमिका प्राथमिक जांच में केवल सामान ले जाने तक पाई गई, इसलिए उन्हें छोड़ दिया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।