Noida News (24/05/2026): थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-5 में शनिवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। मकान की छत पर सो रहे एक परिवार पर अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी समेत दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल में उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, सुरेंद्र शर्मा अपने परिवार के साथ सेक्टर-5 स्थित किराये के मकान में रहते हैं। भीषण गर्मी के कारण शनिवार रात वह अपनी पत्नी संजू देवी और दोनों बेटियों के साथ मकान की छत पर सो रहे थे। देर रात अचानक एक अज्ञात व्यक्ति छत पर पहुंचा और परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से परिवार संभल भी नहीं पाया और चीख-पुकार मच गई।
हमले में सुरेंद्र शर्मा, उनकी पत्नी संजू देवी और दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने शोर सुनकर पुलिस को सूचना दी और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उपचार के दौरान संजू देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि घटना के पीछे किसी परिचित व्यक्ति का हाथ हो सकता है। बताया जा रहा है कि परिवार के नजदीक किराये पर रहने वाले एक व्यक्ति का नाम जांच में सामने आया है। पुलिस उस संदिग्ध की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद सेक्टर-5 के लोगों में दहशत फैल गई है। स्थानीय निवासियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और रात में पुलिस गश्त तेज करने की मांग की है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।