दिल्ली चुनाव से पहले केजरीवाल का बड़ा आरोप – ‘अमित शाह दिल्ली में करवा रहे हिंसा’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (2 फरवरी 2025): दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा और गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) का माहौल पूरी तरह बन चुका है और बीजेपी को हार साफ नजर आ रही है। इसी कारण, भाजपा अब सीधे-सीधे हिंसा का सहारा ले रही है।

‘दिल्ली में हो रही खुलेआम हिंसा, पुलिस बनी मूकदर्शक’

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि अमित शाह के इशारे पर दिल्ली में आम जनता पर हमले करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “अब वो दिल्ली के लोगों पर सीधे-सीधे हमले करवा रहे हैं। जगह-जगह लोगों को खुलेआम पीटा जा रहा है। पुलिस को ऊपर से आदेश है कि कुछ नहीं करना। मजबूरीवश पुलिस खड़े होकर जनता पर हो रही हिंसा को देखती रहती है।”

उन्होंने दावा किया कि पुलिस हिंसा के बाद गुंडों को बचाकर भगा देती है और पीड़ितों को झूठे केस में फंसा दिया जाता है।

‘अमित शाह की गुंडागर्दी के खिलाफ हमें एकजुट होना होगा’

केजरीवाल ने कहा कि अब समय आ गया है कि दिल्लीवासी इस गुंडागर्दी के खिलाफ आवाज उठाएं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर #AmitShahKiGundagardi ट्रेंड कराएं और जहां भी कोई हिंसा हो, उसे उजागर करें। उन्होंने कहा, “अगर दिल्ली में कहीं भी आपके साथ गुंडागर्दी हुई तो आप इस हैशटैग का इस्तेमाल करके ट्वीट करें। अगर आप किसी ऐसे मामले को जानते हैं, तो भी इस हैशटैग का इस्तेमाल करें। मेरी सभी से विनती है कि अगर कहीं भी कोई गुंडागर्दी की घटना होती है, तो उसकी वीडियो जरूर बना लें। पर अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखें।”

‘भगवान हमारे साथ हैं, हम मिलकर लड़ेंगे’

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली को इस गुंडागर्दी के खिलाफ मजबूती से खड़ा होना होगा। उन्होंने जनता से अपील की कि वे निडर होकर इस चुनाव में अपना वोट डालें और लोकतंत्र को बचाने में योगदान दें। “भगवान हम सबके साथ हैं। मिलकर दिल्ली इनकी गुंडागर्दी का मुकाबला करेगी।”

दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान होगा और इस बयान के बाद राजनीतिक हलचल तेज होने की संभावना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।