SSC परीक्षा में हाईटेक नकल रैकेट का खुलासा, STF ने मास्टरमाइंड समेत 7 लोगों को दबोचा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (23/05/2026): ग्रेटर नोएडा में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ऑनलाइन भर्ती परीक्षा में धांधली कराने वाले एक संगठित गिरोह का स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पर्दाफाश किया है। STF की नोएडा यूनिट ने नॉलेज पार्क क्षेत्र स्थित बालाजी डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर छापेमारी करते हुए गिरोह के सरगना सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये नकद, कई लैपटॉप, मोबाइल फोन, राउटर और अभ्यर्थियों से जुड़ी महत्वपूर्ण सूची बरामद की है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रदीप चौहान निवासी मुजफ्फरनगर, अरुण कुमार निवासी मथुरा, संदीप भाटी निवासी बुलंदशहर, निशांत राघव निवासी बुलंदशहर, अमित राणा निवासी बागपत, शाकिर मलिक निवासी बागपत और विवेक कुमार निवासी बुलंदशहर के रूप में हुई है।
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह SSC द्वारा आयोजित CAPF, SSF कांस्टेबल (GD) तथा असम राइफल्स में राइफलमैन भर्ती परीक्षा-2026 में अभ्यर्थियों को अवैध तरीके से पास कराने का काम कर रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर परीक्षा प्रणाली में सेंध लगा रहे थे।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक गिरोह परीक्षा केंद्र के सर्वर सिस्टम को बायपास कर प्रॉक्सी सर्वर के माध्यम से कंप्यूटर स्क्रीन को बाहर बैठे सॉल्वर तक पहुंचाता था। इसके लिए स्क्रीन शेयरिंग एप्लिकेशन का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे दूर बैठे लोग प्रश्नपत्र हल कर अभ्यर्थियों की मदद कर रहे थे।
एसटीएफ का कहना है कि गिरोह लंबे समय से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सक्रिय हो सकता है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही कुछ अन्य गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।