ITS डेंटल कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में तीन दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन
आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के अंतर्गत संचालित आईटीएस डेंटल कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में 19 मई से 21 मई 2026 तक तीन दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, कंप्यूटर एवं इंटरनेट के क्षेत्र में हो रहे निरंतर बदलावों के अनुरूप शिक्षण पद्धति को अधिक व्यवहारिक, प्रभावी और रोचक बनाना था, ताकि विद्यार्थियों की कक्षा में सहभागिता और रुचि को बढ़ाया जा सके।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में एसजीटी विश्वविद्यालय की सीईएपीएस निदेशक डॉ. आस्था चौधरी, मोनिका शर्मा तथा डॉ. अरविंद कौर पबला उपस्थित रहे। उन्होंने संस्थान के शिक्षकों को कक्षा प्रबंधन, विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता, मूल्यांकन पद्धति तथा पाठ्यक्रम को प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर व्यावहारिक और आधुनिक तरीकों से प्रशिक्षण दिया। विशेषज्ञों ने शिक्षण को अधिक संवादात्मक और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. ओमकार के. सेट्टी ने कहा कि किसी भी पाठ्यक्रम को तैयार करने से पहले विद्यार्थियों की मनोदशा और उनकी सीखने की आवश्यकताओं को समझना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए पाठ्यक्रम को सरल एवं विद्यार्थियों की रुचि के अनुरूप तैयार किया जाना चाहिए, ताकि छात्रों का कक्षाओं के प्रति आकर्षण बढ़ सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक कक्षा के बाद विद्यार्थियों से फीडबैक लेना आवश्यक है, जिससे समय-समय पर पाठ्यक्रम में आवश्यक सुधार किए जा सकें।
आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के उपाध्यक्ष सोहिल चड्ढा ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। अब केवल पुस्तकीय ज्ञान देना पर्याप्त नहीं रह गया है, बल्कि विद्यार्थियों को समझना, उन्हें सीखने के लिए प्रेरित करना और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना भी उतना ही आवश्यक हो गया है।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।