जीबीयू छात्र उत्पीड़न मामला: वायरल वीडियो पर विश्वविद्यालय की सफाई

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (22/05/2026): गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में अध्ययनरत एक छात्र द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन पर मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। बीए एलएलबी प्रथम वर्ष के छात्र अक्षय त्रिपाठी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें छात्र ने चीफ प्रॉक्टर, हॉस्टल वार्डन और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के कुछ सदस्यों पर झूठे आरोप लगाकर परेशान करने का आरोप लगाया है। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में छात्र अक्षय त्रिपाठी स्वयं को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय का प्रथम वर्ष का बीए एलएलबी छात्र बताते हुए कहता है कि वह अपने जीवन का “अंतिम वीडियो” रिकॉर्ड कर रहा है। वीडियो में छात्र ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर डॉ. विक्रांत, रहीम बॉयज़ हॉस्टल के वार्डन डॉ. राकेश कुमार तथा प्रॉक्टोरियल बोर्ड के अन्य सदस्यों ने उस पर झूठे आरोप लगाए और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

छात्र का आरोप है कि उसने अपनी बात रखने और न्याय पाने के लिए कई शिक्षकों एवं अधिकारियों से संपर्क किया। वीडियो में उसने डॉ. राणा प्रताप सिंह, डॉ. मोहन सिसोदिया, डॉ. मनोहर सिसोदिया, डॉ. विक्रांत तथा वार्डन डॉ. राकेश कुमार का नाम लेते हुए दावा किया कि उसकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं सुना गया और उसे निराश होकर लौटना पड़ा।

वीडियो में छात्र ने यह भी आरोप लगाया कि उसने विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर अपनी बात रखने का अंतिम प्रयास किया, लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली। छात्र ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर टिप्पणी करते हुए संस्थान में भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े का भी आरोप लगाया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

मामले के तूल पकड़ने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय प्रशासन ने 22 मई 2026 को एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की। विश्वविद्यालय ने कहा कि वायरल वीडियो का गंभीर संज्ञान लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की गई तथा स्थानीय पुलिस प्रशासन और छात्र के अभिभावकों को सूचित किया गया।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि, छात्र की माताजी ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की है कि छात्र सुरक्षित है और वर्तमान में अपने परिजनों के साथ दिल्ली में रह रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सोशल मीडिया पर चल रही विभिन्न अटकलों और सूचनाओं को भ्रामक, तथ्यहीन और सत्य से परे बताया।

प्रेस विज्ञप्ति में विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे शांत एवं संयमित रहें, अपनी परीक्षाओं पर ध्यान केंद्रित करें तथा अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं से बचें। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी कहा कि संस्थान अपने सभी विद्यार्थियों की सुरक्षा, कल्याण, शैक्षणिक उन्नति और समग्र विकास के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति प्रभारी, छात्र कल्याण विभाग द्वारा जारी की गई।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।