दिल्ली एयरपोर्ट से फिर शुरू हुई Uber की राइड-शेयरिंग सेवा

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (22 May 2026): दिल्ली सरकार ने राजधानी में प्रदूषण कम करने और सार्वजनिक परिवहन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत की है। दिल्ली सरकार में मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री द्वारा आज Uber की राइड-शेयरिंग सेवा को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर शुरू किया गया। यह सेवा फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट से शुरू की गई है। मंत्री ने कहा कि सरकार पिछले काफी समय से निजी कैब ऑपरेटरों के साथ लगातार बैठकें कर रही थी ताकि राजधानी में फिर से राइड-शेयरिंग मॉडल लागू किया जा सके। उनका कहना है कि दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और वाहनों की संख्या को देखते हुए साझा यात्रा यानी राइड शेयरिंग बेहद जरूरी हो गई है।

मंत्री मंजींदर सिंह सिरसा ने बताया कि कोरोना महामारी के दौरान यह सुविधा बंद कर दी गई थी, जिसके बाद लोगों को व्यक्तिगत कैब बुक करनी पड़ रही थी। अब सरकार और निजी कंपनियों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद Uber सहित अन्य राइड ऑपरेटर्स ने दोबारा इस व्यवस्था को लागू करने पर सहमति जताई है। सरकार का मानना है कि एक ही दिशा में जाने वाले लोग यदि साझा यात्रा करेंगे तो सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी, ट्रैफिक दबाव घटेगा और प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी। इसके साथ ही यात्रियों के लिए यात्रा खर्च भी कम हो सकता है।

दिल्ली सरकार इस पहल को राजधानी में स्मार्ट और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रही है। एयरपोर्ट से सेवा शुरू होने के बाद इसे धीरे-धीरे अन्य प्रमुख रूटों और व्यस्त इलाकों तक विस्तार दिए जाने की संभावना जताई जा रही है। सरकार का कहना है कि आने वाले समय में अन्य निजी कैब कंपनियों को भी राइड-शेयरिंग मॉडल अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था से न केवल पर्यावरण को फायदा होगा बल्कि यात्रियों को भी अधिक सुविधाजनक और किफायती यात्रा विकल्प मिल सकेंगे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।