न्यू अशोक नगर थाने में लगी भीषण आग, मालखाने में खड़ी कई गाड़ियां जलीं

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (19 May 2026): पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना परिसर में मंगलवार दोपहर अचानक उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मालखाने में खड़ी वाहनों में आग लग गई। यह घटना दोपहर करीब 1:06 बजे हुई, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे परिसर में धुआं फैल गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तुरंत लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की शुरुआती चार गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए बाद में कुल 10 दमकल गाड़ियों को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया। आग पर काबू पाने के लिए कई घंटे तक लगातार प्रयास किए गए और करीब 2:20 बजे आग को नियंत्रित कर लिया गया। हालांकि तब तक कई वाहन और कबाड़ का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था।

थाने के पास ही पेट्रोल पंप होने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी, लेकिन समय रहते आग को फैलने से रोक लिया गया। घटना के दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को एहतियातन खाली कराया ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिला।

इस घटना को लेकर स्थानीय विधायक ने दमकल विभाग पर देरी से पहुंचने के आरोप लगाए हैं, जबकि विभाग ने इन आरोपों को खारिज किया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुटी हुई है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।

पूर्वी दिल्ली डीसीपी ने बयान जारी कर कहा कि दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना परिसर स्थित मालखाना पार्किंग क्षेत्र में मंगलवार दोपहर आग लगने की घटना सामने आई। यह कॉल दोपहर करीब 1 बजकर 06/07 मिनट पर डी.पुरा क्षेत्र से “फायर इन मालखाना” के रूप में प्राप्त हुई, जिसके बाद दिल्ली फायर सर्विस और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती चरण में 3 वॉटर टेंडर और 1 वॉटर बाउजर को रवाना किया गया। आग की गंभीरता को देखते हुए 1 बजकर 28/29 मिनट पर एसओ जयभगवान द्वारा “मेक-4” घोषित किया गया, जिसके बाद कुल 4 वॉटर टेंडर, 3 वॉटर बाउजर और 1 मल्टीपर्पज वाहन मौके पर लगाया गया। अभियान का नेतृत्व स्टेशन ऑफिसर अनूप सिंह और एडीओ राजेश शुक्ला ने किया। दोपहर 1 बजकर 42/43 मिनट पर अतिरिक्त वॉटर बाउजर की मांग की गई, जिसके बाद गाजीपुर और आरएन से 2 और वॉटर बाउजर भेजे गए। करीब 1 बजकर 50 मिनट पर एडीओ राजेश शुक्ला ने आग पर नियंत्रण होने की सूचना दी, जबकि 2 बजकर 20 मिनट पर “स्टॉप” संदेश जारी किया गया। हालांकि इसके बाद भी कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा गया। पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित और समन्वित कार्रवाई के चलते आग को पूरी तरह बुझा लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है तथा न्यू अशोक नगर थाना भवन को भी कोई क्षति नहीं पहुंची। अधिकारियों के अनुसार समय रहते कार्रवाई होने से किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।