New Delhi News (17 मई 2026): दिल्ली की ओर जा रही त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) में रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मध्य प्रदेश में रतलाम के पास लूणी-विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन के बी-1 कोच में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में थर्ड एसी और एसएलआर कोच भी आ गए। दूर तक आसमान में उठती आग की लपटों से इलाके में हड़कंप मच गया और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 5:15 से 5:30 बजे के बीच हुई। ट्रेन में धुआं उठता देख गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया। बी-1 कोच में करीब 68 यात्री सवार थे। आग तेजी से फैलने लगी तो आरपीएफ जवानों, रेलवे स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने तुरंत यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। करीब 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही कोटा रेल मंडल से दुर्घटना राहत ट्रेन, एआरएमई टीम, वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर रवाना हुईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने तुरंत ओएचई यानी ओवरहेड इलेक्ट्रिक सप्लाई बंद कर दी, जिससे दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन कुछ समय के लिए बाधित हो गया। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
कोटा रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ जैन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी तरह की कोई कैजुअल्टी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। रेलवे ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के चलते करीब आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। मुंबई सेंट्रल-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12955) को महिदपुर रोड स्टेशन पर रोका गया। वहीं राजधानी एक्सप्रेस के प्रभावित यात्रियों के लिए ब्रेकफास्ट की व्यवस्था की गई है। यात्रियों को अन्य कोचों में समायोजित कर कोटा तक ले जाने की तैयारी की गई है, जहां अतिरिक्त कोच जोड़कर आगे की यात्रा कराई जाएगी।
पश्चिम मध्य रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि आग लगने के तुरंत बाद प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया था। ओएचई सिस्टम को भी नुकसान पहुंचा है, जिसकी मरम्मत का काम जारी है। रेलवे की प्राथमिकता जल्द से जल्द ट्रैक क्लियर कर दिल्ली-मुंबई रूट पर रेल संचालन सामान्य करना है। यात्रियों से किसी भी सहायता या जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क करने की अपील की गई है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।