स्वस्थ और अनुशासित युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति: CM Yogi Adityanath
टेन न्यूज नेटवर्क
Lucknow News (10/05/2026): उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा लखनऊ में आयोजित द्वितीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर (बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस) 2025-26 प्रतियोगिता का शुभारंभ आज हुआ। इस अवसर पर प्रतियोगिता से संबंधित ‘स्फूर्ति’ स्मारिका का विमोचन भी हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि, स्वस्थ शरीर ही स्वस्थ मस्तिष्क और सशक्त चरित्र की नींव होता है। जब व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत होता है, तभी वह समाज और राष्ट्र के विकास में प्रभावी योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और इसके लिए युवाओं का स्वस्थ, अनुशासित और ऊर्जावान होना बेहद आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने भारतीय ऋषि परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे प्राचीन ग्रंथों में अर्जुन को एकाग्रता, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक माना गया है। खेलों में सफलता प्राप्त करने के लिए भी यही गुण सबसे अधिक आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि जिस खिलाड़ी में लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण होता है, वही कठिन परिस्थितियों में भी विजय हासिल करता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुश्ती और गदा युद्ध का उदाहरण देते हुए भगवान बलराम और महाबली भीम का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि भगवान बलराम शक्ति और संतुलन के प्रतीक हैं, जबकि गदा युद्ध में केवल बल ही नहीं, बल्कि रणनीति, धैर्य और पराक्रम का भी विशेष महत्व होता है। यही गुण खिलाड़ियों को मैदान में सफलता दिलाने के साथ-साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की लगभग 25 करोड़ आबादी में 56 प्रतिशत हिस्सा युवाओं का है। यह जनसांख्यिकीय शक्ति प्रदेश और देश के लिए एक बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि यदि युवा स्वस्थ, अनुशासित और ऊर्जावान होंगे, तो देश को इसका व्यापक लाभ मिलेगा और भारत तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा कि खेल का मैदान केवल जीत और हार का स्थान नहीं, बल्कि जीवन का एक विद्यालय है। यहां व्यक्ति अनुशासन, संघर्ष, धैर्य और टीम भावना जैसी महत्वपूर्ण सीख प्राप्त करता है। मैदान में सीखी गई कई रणनीतियां और जीवन मूल्य ऐसे होते हैं, जो किताबों में नहीं मिलते, लेकिन व्यक्तित्व निर्माण में अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बैडमिंटन और टेनिस जैसे खेल खिलाड़ियों में एकाग्रता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करते हैं। यही कौशल व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि हर पदक के पीछे वर्षों की मेहनत, संघर्ष और कभी हार न मानने का संकल्प छिपा होता है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि प्रतिभा सफलता की शुरुआत कर सकती है, लेकिन लक्ष्य तक पहुंचाने का कार्य केवल निरंतर मेहनत ही करती है। उन्होंने कहा, “जितना अधिक पसीना बहेगा, जीत उतनी ही बड़ी होगी।” उन्होंने बैडमिंटन का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार खिलाड़ी शटलकॉक को जमीन पर नहीं गिरने देता, उसी प्रकार जीवन में भी अपने सपनों और हौसलों को टूटने नहीं देना चाहिए। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर ही व्यक्ति अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में देश और उत्तर प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम विकसित किया गया है। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के अधिक अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।