Noida International Airport: टिकट की बुकिंग शुरू, एक क्लिक में जानें पूरी डिटेल्स

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (07/05/2026): नोएडा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट (Noida International Airport) से विमान सेवाएं शुरू होने का इंतजार अब लगभग खत्म होने जा रहा है। जेवर स्थित देश के सबसे महत्वाकांक्षी एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून से नियमित उड़ान संचालन शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इसी बीच आज हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार ने घोषणा की है कि इंडिगो एयरलाइंस की टिकटों की बिक्री आज दोपहर से शुरू कर दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट से पहली व्यावसायिक उड़ान 15 जून की सुबह संचालित होगी, जो लखनऊ से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके साथ ही एयरपोर्ट आधिकारिक रूप से घरेलू विमान सेवाओं के नेटवर्क में शामिल हो जाएगा।

डीएक्सएन कोड से होगी एयरपोर्ट की पहचान

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को डीएक्सएन (DXN) एयरपोर्ट कोड आवंटित किया गया है। यह कोड पिछले कुछ महीनों से विभिन्न ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टलों और टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स पर दिखाई देने लगा था, लेकिन अब तक किसी फ्लाइट की उपलब्धता नहीं दिखाई दे रही थी। आज टिकट बिक्री शुरू होने के बाद एयरलाइन शेड्यूल, किराया और रूट संबंधी जानकारी भी यात्रियों के लिए सार्वजनिक हो जाएगी।

यात्रियों को टिकट बुकिंग की सुविधा प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म्स, मोबाइल एप्लिकेशन और एयरलाइंस की आधिकारिक वेबसाइटों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। एयरपोर्ट संचालन शुरू होने के साथ ही दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों को एक नया विकल्प मिलेगा।

इंडिगो के बाद अकासा और एयर इंडिया भी शुरू करेंगी सेवा

IndiGo Airlines शुरुआती चरण में एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों का संचालन करने वाली पहली एयरलाइन होगी। इसके बाद धीरे-धीरे Akasa Air और Air India भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगी। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार हाल ही में हुई बोर्ड बैठक में देश के 17 प्रमुख शहरों के लिए उड़ान संचालन का प्रस्ताव रखा गया था। इसमें लखनऊ, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और कोलकाता जैसे शहरों को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना है।

सुरक्षा मंजूरी के बाद तेज हुई तैयारियां

यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (YIAPL) के अधिकारियों के अनुसार नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) से एयरोड्रम सिक्योरिटी प्रोग्राम को मंजूरी मिलने के बाद एयरपोर्ट संचालन की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया। इसके बाद से तकनीकी परीक्षण, सुरक्षा मूल्यांकन और संचालन संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

यात्रियों को पहले दिन से मिलेगी मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी

एयरपोर्ट तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम सहित कई राज्यों के परिवहन विभागों ने अपने बस रूट तय कर लिए हैं। एयरपोर्ट से उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों के अलावा दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड तक सीधी बस सेवाएं संचालित की जाएंगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश, एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों की हवाई कनेक्टिविटी को भी नई गति मिलेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।