बरगी डैम में बड़ा हादसा: तूफान में डूबा पर्यटकों से भरा क्रूज
टेन न्यूज़ नेटवर्क
जबलपुर/मध्यप्रदेश News (30 अप्रैल 2026): मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले से गुरुवार शाम एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। जबलपुर स्थित बरगी बांध में पर्यटकों से भरा एक क्रूज तेज आंधी-तूफान के बीच डूब गया। बताया जा रहा है कि क्रूज में कुल 29 लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
जानकारी के अनुसार शाम के समय मौसम अचानक खराब हो गया। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने लगीं और डैम में ऊंची लहरें उठने लगीं। इसी दौरान खमरिया टापू के पास पहुंचा क्रूज संतुलन खो बैठा और पलटकर पानी में डूब गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए पानी में कूद पड़े।
प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक अब तक 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 4 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। वहीं 10 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।