Greater Noida News (28/04/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से व्यावसायिक उड़ानों की शुरुआत अब बेहद करीब मानी जा रही है। एयरपोर्ट को एयरोड्रोम सिक्योरिटी प्रोग्राम (ASP) के तहत ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी से आधिकारिक स्वीकृति मिल चुकी है, जिसे संचालन शुरू करने की दिशा में एक निर्णायक उपलब्धि माना जा रहा है।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, इस मंजूरी के साथ यह स्पष्ट हो गया है कि यहां की सुरक्षा प्रणाली, संचालन प्रक्रियाएं और मानक सभी नियामकीय दिशानिर्देशों के अनुरूप हैं। इससे एयरपोर्ट की परिचालन तैयारियों को नई मजबूती मिली है और अब अगला फोकस व्यावसायिक उड़ानों के सफल संचालन पर है।
प्रबंधन ने जानकारी दी कि एयरलाइंस कंपनियों और सहयोगी एजेंसियों के साथ समन्वय कर उड़ानों की शुरुआत की तिथि तय की जाएगी। शुरुआती चरण में एयरलाइंस द्वारा करीब 17 उड़ानें शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है। हालांकि, किन शहरों के लिए ये सेवाएं उपलब्ध होंगी, इस पर अंतिम निर्णय अभी बाकी है। साथ ही टिकट बुकिंग प्रणाली को भी जल्द सक्रिय करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
गौरतलब है कि 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। फिलहाल घरेलू और कार्गो टर्मिनल तैयार हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) की बोर्ड बैठक में अहम फैसले लिए गए हैं। अगले दो वर्षों में विमानों की पार्किंग क्षमता बढ़ाने के लिए 25 नए स्टैंड विकसित किए जाएंगे, जिस पर लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। वर्तमान में 28 स्टैंड तैयार हैं, जिनमें 25 व्यावसायिक और 3 कार्गो विमानों के लिए हैं।
इसके अलावा, एयरपोर्ट पर 10 एयरोब्रिज लगाए जा चुके हैं, जिससे यात्रियों की आवाजाही और बोर्डिंग प्रक्रिया अधिक सुगम होगी। रनवे को इस तरह विकसित किया गया है कि हर घंटे करीब 30 विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ संभव हो सके।
एयरपोर्ट का पहला चरण करीब 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया गया है। इसमें 3900 मीटर लंबा रनवे, अत्याधुनिक यात्री टर्मिनल, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और कार्गो हब शामिल हैं।
प्रबंधन का कहना है कि सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि उड़ानों की शुरुआत सुरक्षित, व्यवस्थित और यात्रियों के लिए सुविधाजनक अनुभव के साथ की जा सके। उम्मीद जताई जा रही है कि मई के अंत तक इस बहुप्रतीक्षित एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन शुरू हो जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।