“सेफ स्कूल कैंपेन” लॉन्च, दिल्ली में फायर सेफ्टी को लेकर जागरूकता अभियान शुरू

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (15 April 2026): दिल्ली सरकार ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “सेफ स्कूल कैंपेन” की शुरुआत की है। आशीष सूद ने “अग्निशमन सेवा सप्ताह” (14 अप्रैल से 20 अप्रैल) के अवसर पर इस व्यापक जन-जागरूकता अभियान का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य विद्यालयों और अस्पतालों में सुरक्षा तंत्र को सुदृढ़ करना, आग से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाना और “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल, दुर्घटना मुक्त समाज” के लक्ष्य को हासिल करना है।

इस अभियान के तहत शिक्षा विभाग और दिल्ली फायर सर्विस मिलकर राजधानी के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सख्ती से सुनिश्चित करेंगे। “सुरक्षित विद्यालय” पहल के जरिए स्कूलों में फायर सेफ्टी ऑडिट, मॉक ड्रिल्स और सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही अस्पतालों में भी आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत किया जाएगा, ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई संभव हो सके।

कार्यक्रम के दौरान गृहमंत्री ने वर्ष 1944 में मुंबई के फोर्ट स्टिकिंग जहाज में लगी भीषण आग के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले 66 वीर फायरमैन को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने इस वर्ष की थीम—“Safe Schools, Safe Hospitals and a Fire-Safe Aware Society – Together for Fire Protection”—का उल्लेख करते हुए कहा कि बच्चों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना समाज की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

दिल्ली फायर सर्विस के कार्यों का जिक्र करते हुए सूद ने बताया कि विभाग का मूल मंत्र “We Serve to Save” है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले एक वर्ष में विभाग ने 36,877 आपातकालीन कॉल्स को सफलतापूर्वक अटेंड किया है। साथ ही, अब तक 1000 से अधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन कर 50,000 से ज्यादा नागरिकों को फायर सेफ्टी के लिए प्रशिक्षित किया जा चुका है। विभाग लगातार नई तकनीकों और आधुनिक प्रशिक्षण के जरिए अपनी क्षमता को मजबूत कर रहा है।

विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि आग से डरने के बजाय उससे निपटने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहना जरूरी है। उन्होंने स्कूलों में आयोजित मॉक ड्रिल्स और डेमोंस्ट्रेशन में सक्रिय भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षा में बेहद सहायक साबित होता है। साथ ही उन्होंने सभी से अपने परिवार और समाज में फायर सेफ्टी के प्रति जागरूकता फैलाने और “फायर सेफ्टी एंबेसडर” बनने का आह्वान भी किया।

गृहमंत्री आशीष सूद ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा केवल सरकार या फायर विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों को छोटी-छोटी सावधानियों का पालन करने की सलाह दी, जैसे आपातकालीन मार्गों को खाली रखना, बिजली उपकरणों का सुरक्षित उपयोग करना, आग लगने पर लिफ्ट का इस्तेमाल न करना और तुरंत 101 या 112 पर सूचना देना। उन्होंने “स्टॉप, ड्रॉप, रोल” जैसी तकनीकों को अपनाने और स्कूल प्रबंधन को कर्मचारियों को आधुनिक तरीके से प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया। अंत में उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों से अपील की कि वे “आपकी सतर्कता, सबकी सुरक्षा” के संदेश के साथ एक सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।