किसान नेताओं की नजरबंदी के विरोध में गौतमबुद्ध नगर में प्रदर्शन, डीएम और पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (13/04/2026): किसान नेताओं की कथित अवैध नजरबंदी के विरोध में सोमवार को गौतमबुद्ध नगर में किसान संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। किसान संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों किसान और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, किसान संघर्ष मोर्चा से जुड़े विभिन्न संगठनों—किसान परिषद, किसान एकता संघ और किसान सभा—के कार्यकर्ता सुबह करीब 11 बजे एकत्रित हुए। इसके बाद किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर तक मार्च किया और जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरने पर बैठकर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान किसान नेताओं ने सुखबीर खलीफा, किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा, सीटू के जिला अध्यक्ष गंगेश्वर दत्त शर्मा और सीटू के जिला महासचिव रामस्वारथ की कथित नजरबंदी को गैरकानूनी बताते हुए प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। साथ ही यमुना प्राधिकरण के अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी नाराजगी जताई गई और जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया।
धरने को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि बिना किसी अपराध और विधिक प्रक्रिया के लोगों को नजरबंद करना नागरिकों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो किसान संगठन प्रशासनिक कार्यालयों का घेराव करने को मजबूर होंगे।
किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने आरोप लगाया कि पिछले दो दिनों से उन्हें बिना किसी ठोस कारण के पुलिस द्वारा निगरानी में रखा गया है, जो पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि किसान संगठनों के नेताओं को इस तरह रोकना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है।

वहीं किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर प्रशासन और सरकार की ओर से बार-बार आश्वासन दिए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को 10 प्रतिशत प्लॉट, नए कानून लागू करने और आबादी निस्तारण जैसे मुद्दों पर बातचीत का आश्वासन दिया गया था, लेकिन लंबे समय से इन मांगों पर प्रगति नहीं हुई है। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर जल्द समाधान नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान हजारों किसान एकजुट होकर मार्च करेंगे और अपनी समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे।
धरना समाप्त होने के बाद प्रदर्शनकारी पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे, जहां संयुक्त पुलिस आयुक्त अजय कुमार को भी ज्ञापन सौंपा गया। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर नजरबंदी की कार्रवाई पर कड़ा विरोध दर्ज कराया और इसे तुरंत समाप्त करने की मांग की।
किसान नेताओं ने यह भी मांग रखी कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान किसानों के लंबित मुद्दों पर प्रशासन और किसान प्रतिनिधियों के बीच औपचारिक वार्ता कराई जाए। अधिकारियों ने इस संबंध में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन के दौरान प्रमोद शर्मा, वीर सिंह नगर, उदल आर्य, विनोद, गुरप्रीत, संजीव कुमार, दुर्गेश शर्मा, नरेश नगर, करतार नगर, संदीप भाटी, जगबीर नंबरदार, पप्पू भाटी, सुशील सोनपुर, जितेंद्र सिंहपुर, ओमवीर नगर, विनोद नागर, सतीश नगर, निशांत रावल, सुधीर रावल, प्रशांत भाटी, विक्रम नगर, जगदीश शर्मा, बाबा मेहरबान अली, अजय पाल भाटी, बुधपाल यादव, सुरेंद्र यादव, दुष्यंत सेन समेत बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।